टी20 विश्वकप 2026 : IND vs ENG:इंग्लैंड ने जीता टॉस, किया पहले फील्डिंग का फैसला
सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, भारत की प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं आज भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में जीतने वाली टीम पहले सेमीफाइनल की विजेता न्यूजीलैंड से रविवार यानी 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में भिड़ेगी। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
स्पिनरों के खिलाफ करना होगा सुधार
टूर्नामेंट की शुरुआत में प्रबल दावेदार मानी जा रही भारतीय टीम प्रतियोगिता में मजबूत टीमों के खिलाफ एक भी मैच में शानदार प्रदर्शन नहीं कर पाई। भले ही उसने ग्रुप चरण के अपने सभी मैच जीते लेकिन सुपर आठ में दक्षिण अफ्रीका से मिली करारी हार से उसकी कमजोरियां भी सामने आ गई। इसके बाद हालांकि भारतीय टीम ने लचीला दृष्टिकोण अपनाया जिससे वह सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही।
दोनों टीमें एक दूसरे के खेल से परिचित
भारत और इंग्लैंड लगातार तीसरी बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में एक-दूसरे का सामना करेंगे। इंग्लैंड ने 2022 में भारत को करारी शिकस्त दी थी। भारत ने 2024 में गुयाना में इसका बदला चुकता कर दिया था। इंग्लैंड को वर्तमान टूर्नामेंट में हैरी ब्रूक और विल जैक्स ने मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है, जबकि ऑलराउंडर सैम करन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। दोनों टीम एक दूसरे के खेल से अच्छी तरह परिचित हैं और ऐसा नहीं कहा जा सकता कि किसी टीम को कुछ विशेष फायदा मिलेगा।

