पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त

नई दिल्ली: पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को गुरुवार को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया। उन्होंने वी.के. सक्सेना का स्थान लिया है, जिन्हें लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया है। संधू ने इस अहम जिम्मेदारी के लिए पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद कहा है।

तरनजीत सिंह संधू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'हृदयपूर्वक परम आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझे उपराज्यपाल के रूप में दिल्लीवासियों की सेवा का अवसर प्रदान किया है। उनका नेतृत्व और दूरदर्शी मार्गदर्शन सदैव प्रेरणा का स्रोत रहा है। माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी के विश्वास और मार्गदर्शन के लिए भी आभारी हूं। दिल्लीवासियों और राष्ट्र की सेवा समर्पण, निष्ठा और विनम्रता के साथ करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।'
कौन हैं तरनजीत सिंह संधू?
संधू ने 2024 में बीजेपी के टिकट पर अमृतसर से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे।
भारतीय विदेश सेवा के 1988 बैच के अधिकारी संधू अमेरिका से जुड़े मामलों में सबसे अनुभवी भारतीय राजनयिकों में से एक हैं।
उन्होंने वाशिंगटन स्थित भारतीय मिशन में कई बार अपनी सेवाएं दीं।
संधू फरवरी 2020 से जनवरी 2024 तक अमेरिका में भारत के राजदूत रहे।
इससे पहले, उन्होंने जुलाई 2013 से जनवरी 2017 तक वाशिंगटन स्थित दूतावास में उप मिशन प्रमुख के रूप में सेवा दी।
संधू (63) जुलाई 2005 से फरवरी 2009 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में भी कार्यरत थे।
चार सालों तक दिल्ली के एलजी रहे वी.के. सक्सेना
वी.के. सक्सेना लगभग चार वर्षों तक दिल्ली के उपराज्यपाल रहे। इस दौरान, शासन और प्रशासनिक मुद्दों पर सक्सेना का तत्कालीन आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के साथ कई बार टकराव हुआ।

#पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू