टटिहरी गाना विवाद: रैपर बादशाह की मुश्किलें बढ़ीं, पंचकूला में FIR
चंडीगढ़, 6 मार्च- पंजाबी सिंगर और रैपर बादशाह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, बादशाह के खिलाफ पंचकूला के सेक्टर 20 में केस दर्ज किया गया है। यह केस उन्होंने हरियाणवी गाने टटिहरी को लेकर दर्ज कराया है।
बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह का टटिहरी गाना विवादों में है। इस हरियाणवी गाने में कुछ बोल और सीन ऐसे हैं जिस पर हरियाणा महिला आयोग, खाप पंचायत, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नेताओं ने आपत्ति जताई है। पंचकूला में इस गाने को लेकर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज कर ली गई है। एक तरफ बादशाह पर आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप है, तो दूसरी तरफ गाने में स्कूल ड्रेस पहनी और हरियाणा रोडवेज की बस के ऊपर डांस करती छात्राओं को दिखाया गया है। इस पर भी लोगों में रोष है।
आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया के निर्देश पर इस मामले में 13 मार्च को सुबह 11:30 बजे जिला उपायुक्त कार्यालय, पानीपत के कॉन्फ्रेंस हॉल में सुनवाई होगी।
महिला आयोग की ओर से जारी समन के अनुसार, पानीपत की सामाजिक कार्यकर्ता सविता आर्य (अध्यक्ष, नारी तू नारायणी उत्थान समिति) और शिव कुमार (डायरेक्टर, शिव आरती इंडिया फाउंडेशन) ने शिकायत दी है कि हरियाणवी गीत ‘टटिहरी’ में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द हरियाणवी संस्कृति और महिलाओं की गरिमा के विपरीत हैं।
आयोग ने मामले में गायक आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह को भी पक्षकार बनाया है। हरियाणा राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2012 के अनुच्छेद 10(3) के तहत संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर सुनवाई में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला आयोग ने पानीपत के पुलिस अधीक्षक से भी कहा है कि सभी नामजद पक्षों की 13 मार्च को तय समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करवाई जाए। आयोग ने स्पष्ट किया है कि समन में नामजद सभी लोगों का सुनवाई में उपस्थित होना अनिवार्य है।

