अहमदाबाद की यादें और अधूरा सपना
नरेंद्र मोदी स्टेडियम भारतीय क्रिकेट के लिए भावनात्मक यादों से भी जुड़ा हुआ है। इसी मैदान पर 19 नवंबर 2023 को भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों वनडे विश्व कप फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। उस दिन भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ड्रेसिंग रूम की सीढ़ियां चढ़ते हुए बेहद भावुक नजर आए थे।
स्टेडियम में मौजूद लगभग 93 हजार दर्शकों के सामने भारतीय टीम का सपना टूट गया था। हालांकि भारतीय क्रिकेट ने उसके बाद वापसी की और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीतकर उस दर्द को काफी हद तक कम कर दिया था। अब एक बार फिर अहमदाबाद का यही मैदान भारतीय टीम को इतिहास रचने का मौका दे रहा है।
सूर्यकुमार की कप्तानी में नया अध्याय
टी20 प्रारूप में भारतीय टीम अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेल रही है। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सूर्यकुमार एक चतुर रणनीतिक कप्तान भी साबित हुए हैं। पिछले दो वर्षों में उन्होंने टीम को अच्छी तरह से संभाला है और युवा खिलाड़ियों को आत्मविश्वास दिया है।
यह फाइनल उनके लिए भी बेहद खास होगा। अगर भारत खिताब जीतता है तो सूर्यकुमार अपनी कप्तानी की एक अलग पहचान बना सकते हैं। साथ ही यह जीत 2023 विश्व कप फाइनल की कड़वी यादों को भी काफी हद तक मिटा सकती है। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर टी20 विश्व कप को तीसरी बार अपने नाम करने वाली पहली टीम बनना चाहेगी, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।

