संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड के बाद CM मान ने किया सम्बोधन

चंडीगढ़, 9 मई - मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि मैं ED के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करता हूं। BJP ED का इस्तेमाल राजनीतिक मकसद से कर रही है। कुछ दिन पहले एक बिजनेसमैन के यहां रेड हुई थी और अमन अरोड़ा का नाम उस रेड से जोड़ा गया था। अमन अरोड़ा की कई लोगों के साथ तस्वीरें हैं। मेरी भी कई लोगों के साथ तस्वीरें हैं, तो क्या हम क्रिमिनल हो गए। उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में BJP के शपथ लेने से पहले ही पूरा राज्य आग में जल रहा है। BJP दो कम्युनिटी को एक-दूसरे के खिलाफ और एक कम्युनिटी को आपस में लड़ाकर वोट लेने की कोशिश करती है। BJP नफरत की पॉलिटिक्स करती है, लेकिन पंजाब गुरुओं की धरती है, यहां ऐसी पॉलिटिक्स नहीं चलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबियों ने तीन काले खेती कानूनों के आगे केंद्र को झुका दिया और मोदी के दिल में आज भी इस बात का गुस्सा है। कभी कहते हैं कि चंडीगढ़ को अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाएंगे। इसके लिए अलग गवर्नर अपॉइंट करेंगे। कभी कहते हैं कि पंजाब यूनिवर्सिटी हमारी है। कभी कहते हैं कि भाखड़ा डैम पर CIF लगाकर हरियाणा को पानी देंगे। कभी कहते हैं कि धान नहीं उठाएंगे, 26 जनवरी को हमारी झांकी नहीं दिखाएंगे। कभी कहते हैं कि RDF का पेमेंट नहीं करेंगे। अब वोट मांगने की हिम्मत कैसे करेंगे?

मुख्यमंत्री ने कहा कि संजीव अरोड़ा के घर पर रेड हुई है। इससे पहले भी रेड हुई थी, लेकिन कुछ नहीं मिला। उन्हें धमकाया जा रहा है कि उनका बिजनेस बंद कर दिया जाएगा या फिर आप BJP में शामिल हो जाओ, लेकिन पंजाबी BJP या ED से नहीं डरते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं BJP, मोदी और शाह को साफ कर देना चाहता हूं कि यह पंजाब है। यह डराने-धमकाने के आगे नहीं झुकता। यह धमकियों के आगे नहीं झुकता। मोदी जी को अब तक सिर्फ एक बार झुकना पड़ा है और यू-टर्न लेकर माफी मांगनी पड़ी है। पंजाब ने ही सरकार को कृषि कानूनों के आगे झुकने पर मजबूर किया था।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि BJP का पूरे देश में यही काम करने का तरीका है। पिछले कुछ दिनों में ED, CBI, इनकम टैक्स और चुनाव आयोग BJP के हथियार बन गए हैं। इनका इस्तेमाल चुनावों में किया जा रहा है।

#संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड के बाद CM मान ने किया सम्बोधन