पावर कट से परेशान लोगों ने खरड़ में जाम लगाया

 

* बिजली डिपार्टमेंट के खिलाफ लोगों का गुस्सा, सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन और नारेबाजी

*. लंबे पावर कट से लोग परेशान, समस्या का समाधान न होने पर पक्के प्रदर्शन की चेतावनी

खरड़, 30 जून :मोहाली जिले के खरड़ में पिछले कई दिनों से चल रहे 10 से 12 घंटे के लंबे पावर कट से लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी और पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के मौसम में 10 से 12 घंटे के पावर कट से आम लोगों की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि घरों में रहने वाले बुजुर्ग, बीमार लोग और छोटे बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं, लेकिन बिजली डिपार्टमेंट कोई सुध नहीं ले रहा है।

लोगों ने कहा कि बिजली की शिकायतों के लिए जारी सरकारी हेल्पलाइन नंबरों पर कई बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिल रहा है। ऑफिस जाकर शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं होता।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर बिजली सप्लाई की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े पैमाने पर पक्का धरना देने और सड़कें जाम करने को मजबूर होंगे। लोगों ने मांग की कि बिजली विभाग रेगुलर बिजली सप्लाई सुनिश्चित करे और शिकायतों का तुरंत समाधान करे।


 

#खरड़
# जाम