एमपी में हादसा: बारिश के बीच लिया एक फैसला और बह गई पूरी कार, नौ की मौत भोपाल
भोपाल , 10 अगस्त - मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। सबसे ज्यादा असर राजगढ़ में देखने को मिल रहा है। कई गांवों का संपर्क टूट गया है, नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच सबसे बड़ा हादसा राजगढ़ के पडाना गांव के पास हुआ। यहां उफनते नाले को कार से पार करने की कोशिश 11 लोगों पर भारी पड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार नाले में उतरते ही तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते बह गई। कार में सवार लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कार कुछ ही सेकंड में आंखों से ओझल हो गई। पुलिस के अनुसार इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, दो लोगों को बचा लिया गया है।
पीड़ित परिवार देवास जिले के सतवास से सारंगपुर के कड़लावद जा रहा था। देवास से आ रही कार नए बने बायपास से होकर गुजर रही थी। वहां बने पुल पर बारिश का पानी अत्यधिक भर गया था। बाहरी चालक होने के कारण उसे जलस्तर और पुल की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लगा। ग्रामीणों के अनुसार पुल पर पहले से जलभराव था और स्थानीय लोगों ने चालक को आगे जाने से रोकने की कोशिश भी की थी। इसके बावजूद चालक जोखिम उठाते हुए वाहन को आगे ले गया, जिससे कार असंतुलित होकर पानी में समा गई।

