दिल्ली इमारत हादसा: मरने वालों की संख्या हुई 6
नई दिल्ली, 7 सितंबर- रविवार दोपहर दिल्ली में गिरी एक इमारत का मलबा अभी भी हटाया जा रहा है। इस घटना में मरने वालों की संख्या अब छह हो गई है और 12 लोगों को बचाया गया है। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें एम्स में भर्ती करवाया गया है। कई अन्य लोगों के भी फंसे होने की आशंका है। बचे लोगों की तलाश के लिए बचाव कुत्तों और कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
यह हादसा रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी कैंपस के पास सत्य निकेतन में हुआ। ढही हुई इमारत करीब 40 साल पुरानी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत के बेसमेंट में पिछले सात दिनों से तोड़ने का काम चल रहा था। बेसमेंट पहले ही कमजोर था और पानी से भरा हुआ था। खुदाई के दौरान एक खंभा खिसक गया, जिसके कारण पूरी इमारत ढह गई। हादसे के समय वहां काम कर रहे मजदूर भी मलबे के नीचे दब गए।

