एमडीसी में दिन-दहाड़े डकैती मामले में 3 को 7-7 साल की कैद, एक बरी
पंचकूला, 21 सितंबर (कपिल)- एमडीसी सेक्टर-4 में करीब पांच साल पहले हुई दिन-दहाड़े डकैती के मामले में अदालत ने गोपाल उर्फ खन्ने, करण बहादुर और आसमान सिंह को दोषी करार देते हुए 7-7 साल की कैद की सजा सुनाई है, जबकि टेक बहादुर साकी उर्फ टेका को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया। सरकारी वकील प्रदीप शर्मा के अनुसार 20 नवंबर 2021 को दोपहर करीब 3:55 बजे तीन नकाबपोश युवक घर में दाखिल हुए थे। एक के पास लोहे की रॉड, दूसरे के पास स्टूल तोड़कर बनाया गया हथियार और तीसरे के पास चाकू था। आरोपियों ने घर में मौजूद अनु वालिया, उसके पति और करीब एक साल के बच्चे को धमकाने के साथ मारपीट की।
इसके बाद आरोपी घर से करीब 5.50 लाख रुपये नकद, सोने के कई सेट, हीरे की अंगूठियां और अन्य आभूषण लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद घर में काम करने वाला नौकर करण बहादुर भी लापता हो गया था।
चालान पेश न करने पर जांच अधिकारी को नोटिस
इसी दौरान ‘स्टेट बनाम मानसी बहिया’ मामले में कई तारीखें बीतने के बावजूद चालान पेश न करने पर अदालत ने संबंधित जांच अधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

