कपूर ने साल का तीसरा खिताब जीता 

पट्टाया, 31 दिसम्बर (भाषा) : भारतीय गोल्फर शिव कपूर ने आज अंत में शानदार तरीके से वापसी करते हुए रॉयल कप ट्राफी अपने नाम की जिससे उन्होंने साल का अंत तीसरा एशियाई टूर खिताब जीतकर किया। पैंतीस वर्षीय कपूर ने अप्रैल तक करीब 11 वर्षों तक केवल एक जीत दर्ज की थी और उन्होंने तब से आठ महीनों के अंदर तीन बार ट्राफी जीत ली। कपूर की इस जीत के दौरान उनकी पत्नी माया और पांच महीने की बेटी वेदा भी मौजूद थी।  कपूर ने अंतिम दौर में चार अंडर 67 का कार्ड खेला जिससे उनका कुल स्कोर 14 अंडर रहा। वहीं थाईलैंड के प्रोम मीसावात (70) का कुल स्कोर 13 अंडर रहा।  भारतीय गोल्फ के लिये यह अच्छा हफ्ता रहा क्योंकि गगनजीत भुल्लर (66) 11 अंडर 273 के कुल स्कोर से अकेले तीसरे स्थान पर रहे जबकि खालिन जोशी (67) आठ अंडर 276 से अकेले छठे स्थान पर रहे। ज्योति रंधावा एक ओवर 285 के कुल स्कोर से संयुक्त 41वें स्थान पर रहे। कपूर ने पहला एशियाई टूर खिताब दिसम्बर 2005 में अपने पदार्पण सत्र में जीता था लेकिन उन्हें अगला एशियाई टूर अपने नाम करने में 11 साल और चार महीने लग गए। उन्होंने अगली ट्राफी अप्रैल 2017 में जीती थी। अब आठ महीनों के अंदर उन्होंने तीन बार ट्राफी जीत ली। यह कपूर का चौथा एशियाई टूर और छठा अंतरराष्ट्रीय खिताब है. वह दो बार यूरोपीय चैलेंज टूर भी जीत चुके हैं।