इन्द्रप्रीत सिंह चड्ढा द्वारा पी.जी.आई. मरीजों सहित ज़रूरतमंद लोगों के लिए की जा रही आर्थिक मदद जारी रखेगा परिवार


चंडीगढ़, 16 जनवरी (गुरप्रीत सिंह जागोवाल) : गत दिनों चीफ खालसा दीवान के पूर्व प्रधान चरनजीत सिंह चड्ढा के लड़के इन्द्रप्रीत सिंह चड्ढा ने आत्म हत्या कर ली थी। इन्द्रप्रीत सिंह चड्ढा चंडीगढ़ पीजीआई के मरीज़ों की आर्थिक सहायता करते थे और उनकी मृत्यु के बाद बहुत से लोगों को वह सहायता मिलनी बंद हो गई थी। आज इन्द्रप्रीत सिंह चड्ढा के लड़के हरप्रीत सिंह उर्फ अनमोल चड्ढा ने चंडीगढ़ में प्रैस क्लब में प्रैस कान्फ्रैंस करके कहा कि उनके पिता द्वारा मरीज़ों, बेसहारा बुजुर्गों और अनाथ बच्चों की जो सहायता की जा रही थी उस सेवा को उनका परिवार जारी रखेगा। हरप्रीत सिंह ने कहा कि कुछ लोगों ने अपने राजनीतिक उद्देश्य और पैसों के लिए उनके दादे चरनजीत सिंह चड्ढा को ब्लैकमैल किया और परिवार की छवि खराब की जिस कारण उनके पिता को आत्महत्या करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि लोगों ने यह भी नहीं सोचा कि उनके पिता कितने लोगों की सेवा कर रहे थे और उनकी मौत के साथ केवल उनके परिवार नहीं, बल्कि हज़ारों लोगों को न पूरी होने वाली कमी है। हरप्रीत सिंह ने बताया कि पी.जी.आई. के गुरुद्वारा साहिब के साथ उनके पिता अमृतसर और पंजाब के अन्य हिस्सों में भी लोगों की सहायता करते थे। वह बेसहारा बुजुर्गों को पैंशन भी देते थे और अनाथ बच्चों की पढ़ाई और दवाईयों का प्रबन्ध भी करते थे और अब उनके जाने के बाद उनका परिवार इस सेवा को निभाएगा। हरप्रीत सिंह ने कहा कि कुछ लोग उनको ऐसा करने से रोकना चाहते हैं परन्तु उनका परिवार यह सब करने से पीछे नहीं हटेगा। हरप्रीत सिंह को यह पूछा गया कि वह कौन लोग हैं जो उनके पिता द्वारा चलाई जा रही चैरिटेबल संस्थाओं पर कब्ज़ा करना चाहते हैं तो उन्होंने किसी पर स्पष्ट तौर पर नाम लेने से इन्कार कर दिया। हरप्रीत सिंह ने कहा कि उनके दादे को झूठा फसाया गया है और मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम पर उनको पूरा भरोसा है, उनके परिवार को इन्साफ मिलेगा और उनके दादा निर्दोष सिद्ध होंगे।
हरप्रीत सिंह ने कहा कि उनको विश्वास है कि पंजाब सरकार और कानून उनके परिवार को इन्साफ दिलाएगा और उनके पिता की मौत का कारण बने लोगों को दंड मिलेगा। हरप्रीत सिंह के साथ आए उनके वकील अनंदेश्वर गौतम ने कहा कि जो लोग चैरीटेबल संस्थाओं पर कब्ज़ा करने के प्रयास में हैं उनका नाम एफ.आई.आर. में भी है और वह ऐसा अपने विभिन्न निजी उद्देश्यों के लिए कर रहे हैं।