राठौड़ ने राष्ट्रमंडल खेलों के खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

मुंबई, 1 अप्रैल (एजैंसी) : केंद्रीय खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने चार से 15 अप्रैल तक ऑस्ट्रेलिया में होने वाले 21वें गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया है। केंद्रीय खेल मंत्री गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के आधिकारिक ब्रॉडकास्टिंग पार्टनर सोनी पिक्चर्स नेटवर्क (एसपीएन) के स्पोर्ट्स चैनल पर विशेष रूप से खेलकूद में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को लाइव संबोधित करेंगे और प्रशंसकों से बातचीत करेंगे। राठौड़ खुद एक चैम्पियन खिलाड़ी रह चुके हैं। उन्होंने एथेंस ओलम्पिक निशानबाजी में रजत जीतने के अलावा राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में भी पदक जीते हैं। राठौड़ खिलाड़ियों से अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें यह बताएंगे कि इस स्तर पर उन्हें चैंपियन बनने के लिए किस तरह मेहनत करने की जरूरत है। इस लाइव प्रसारण के दौरान देश भर के दर्शकों को केंद्रीय खेल मंत्री से बातचीत करने का मौका मिलेगा। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के लिए होने वाले स्टूडियो शो में राठौड़ के साथ एसपीएन विशेषज्ञ के रूप में महिला पहलवान गीता फोगाट, हॉकी के पूर्व खिलाड़ी वीरेन रसकिन्हा और स्पोटर्स एंकर रमन भनोट भी शामिल होंगे।