किसानों की हड़ताल का आज दूसरा दिन, बढ़े सब्जियों के दाम

नई दिल्ली, 02 जून - केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ राष्ट्रीय किसान महासंघ द्वारा बुलाई गई राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आज दूसरा दिन है। देश के सात राज्यों में जारी इस हड़ताल में 130 संगठन शामिल हैं। आज भी कई जगहों पर प्रदर्शन के आसार हैं। वहीं देशव्यापी किसानों के प्रदर्शन का असर दिल्ली में भी दिखने लगा है। दिल्ली के ओखला सब्जी मंडी में सब्जियों के दाम बढ़ गये हैं। सब्जी मंडी के वेंडर ने कहा कि किसानों के प्रदर्शन की वजह से सब्जियों के दामों में असर दिख रहा है। किसानों का यह 10 दिवसीय आंदोलन सब्जियों के न्यूनतम मूल्य, समर्थन मूल्य और न्यूनतम आय समेत कई मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। किसानों की ये भी मांग है कि दूध के दाम पेट्रोल के बराबर हों।