राहुल ने राफेल सौदे पर मोदी को दी खुली बहस की चुनौती

बीदर/नई दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता, उपमा डागा पारथ) : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने फ्रांस के साथ नये राफेल सौदे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी और आश्चर्य जताया कि प्रधानमंत्री सौदे के पीछे छिपे सत्य को सामने लाने से दूर क्यों भाग रहे हैं। गांधी अगले लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस की ओर से शुरू की गई ‘जनध्वनि यात्रा’ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आप मुझसे दूर क्यों भाग रहे हैं। आप अपने मित्र अनिल अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए इस सबसे बड़े भ्रष्ट सौदे के अपराध में सहभागी हैं। कम से कम जनता को तो जवाब दें। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह सौदे के संबंध में बहस के लिए मोदी के साथ मंच साझा करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार ने राफेल सौदे पर संसद में उठाये गये उनके मुद्दों पर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया। उन्होंने कहा कि मैंने समूचे देश से कहा है कि श्री मोदी ने सरकारी कंपनी हिन्दुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को टैक्नोलॉजी हस्तातंरण के बाद एयरक्राफ्ट बनाने की अनुमति न देकर नया राफेल सौदा किया। उन्होंने अंबानी को फायदा पहुंचाने और धनी मित्रों की सहायता के लिए ऐसा किया है। उन्होंने कहा कि अंबानी की यह कंपनी नया सौदा किये जाने से केवल 10 दिन पहले ही अस्तित्व में आई थी। कंपनी ने एक भी विमान नहीं बनाया है।