संरा प्रमुख ने कश्मीर की स्थिति पर चिंता जताई

संयुक्त राष्ट्र, 30 सितम्बर (भाषा) : संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने जम्मू-कश्मीर में स्थिति पर चिंता जताते हुए मतभेदों को शांतिपूर्ण रूप से सुलझाने के वास्ते ‘सकारात्मक वार्ता’ करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा की चुनौतियों को हल करने में भारत की बड़ी भूमिका का स्वागत करता है। गुतारेस ने सोमवार से शुरू हो रही भारत यात्रा के मद्देनज़र भाषा को ईमेल पर दिए साक्षात्कार में कहा,‘विकास के मोर्चे पर भारत पहले ही वृहद क्षेत्रीय विकास शक्ति बनने, बेहतर भविष्य के लिए क्षेत्र के अन्य देशों की मदद करने के लिए तैयार है।’ उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा की चुनौतियों को हल करने में भारत की बड़ी भूमिका का स्वागत करता है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जम्मू-कश्मीर की स्थिति को लेकर चिंतित हूं। मैं मतभेदों के शांतिपूर्वक हल के लिए सकारात्मक वार्ता करने के वास्ते प्रोत्साहित करता हूं।’ गुतारेस ने कहा कि आतंकवाद से निपटने और हिंसक उग्रवाद को रोकने में भारत संयुक्त राष्ट्र का अहम साझेदार है और आतंकवाद के वित्तपोषण से लड़ने की क्षमता बढ़ाने के लिए दोनों के बीच सहयोग बढ़ाने की योजना है। उन्होंने कहा कि सीमाओं से परे आतंकी गतिविधियों की साजिश रचकर उन्हें अंजाम दिया जा रहा है और आतंक को बढ़ावा देने वाले हालात पर ध्यान देने की ज़िम्मेदारी सभी देशों की है। गुतारेस ने कहा,‘कट्टरपंथ, हिंसक उग्रवाद और आतंकवाद का खतरा लगातार बना हुआ है और दुनिया के कई हिस्सों में तो यह बढ़ रहा है। आज के आतंकवादी तकनीक और सोशल मीडिया दोनों में निपुण हैं और नौजवानों की भर्ती तथा धन की उगाही के लिए नफरत और हिंसा का माहौल बनाने के समकालीन तरीकों का सफलतापूर्वक फायदा उठा रहे हैं।’संयुक्त राष्ट्र प्रमुख 1 से 3 अक्टूबर तक भारत में होंगे। इस दौरान वह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात करेंगे। उनकी यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाने के लिए 2 अक्तूबर से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। गुतारेस ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र में भारत के अहम योगदानों के लिए उसकी सराहना करते हैं। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की वैश्विक चुनौती से निपटने खासतौर से पेरिस समझौते में भारत के योगदान के लिए उसकी काफी तारीफ की। गुतारेस ने केरल बाढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि भारत भी जलवायु परिवर्तन के नतीजों से बचा नहीं रहा। उन्होंने केरल में आई विध्वंसकारी बाढ़ के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। गुतारेस ने भारतीय महिलाओं को सलाम करते हुए कहा कि इन्होंने राष्ट्रीय तथा अंतरर्राष्ट्रीय दोनों स्तर पर अर्थव्यवस्था और सार्वजनिक जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की पहली महिला पुलिस सलाहकार रह चुकीं किरण बेदी और महासभा की पहली महिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी पंडित विश्व संगठन में ‘मार्गदर्शक’ रही हैं।