प्रियंका व निक 2 दिसम्बर को बंधेंगे विवाह बंधन में 

नई दिल्ली, 17 अक्तूबर (इंट) : प्रियंका चोपड़ा की ब्वॉयफ्रैंड निक जोनस से सगाई के बाद से देसी गर्ल की शादी का इंतजार किया जा रहा था, आखिरकार अब तिथि निश्चित कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रियंका और निक की शादी 2 दिसम्बर को राजस्थान के जोधपुर में होगी, उनकी शादी की रस्में 30 नवम्बर से ही शुरू हो जाएंगी। दरअसल, फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोधपुर के भव्य उम्मेद भवन पैलेस और मेहरानगढ़ फोर्ट में शादी करने की प्लानिंग बना रही हैं। शादी की खरीददारी करने और यहां मेहरानगढ़ और उम्मेद भवन में शादी कार्यक्रम को लेकर वह अपने मंगेतर निक जोनस के साथ अक्तूबर के पहले हफ्ते में जोधपुर गई थीं। मेहरानगढ़ फोर्र्ट की मैनेजमैंट से उन्होंने बात की और यहां उपलब्ध स्पेस के बारे में जानकारी ली। साथ ही शादी को लेकर यहां होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी मैनेजमैंट से चर्चा की थी। वर्णनीय है कि प्रियंका और निक की गत अगस्त माह में ही मुंबई में सगाई हुई थी। इस दौरान निक के परिवार के सदस्य भी विदेश से प्रियंका और निक के साथ मुंबई पहुंचे थे। दोनों ने एक पार्टी भी दी थी। इस पार्टी में बॉलीवुड के कई सितारे मौजूद रहे थे।