फसल कर्ज़ की सीमा तीन हज़ार रुपए प्रति एकड़ बढ़ी : रंधावा

चंडीगढ़, 25 अक्तूबर (वार्ता) : पंजाब सहकारिता विभाग ने डीजल की बढ़ती कीमतों और पराली न जलाने के प्रति प्रोत्साहित करने के लिये किसानों को दी जा रही फ़सली कर्जे की सीमा बढ़ाकर तीन हज़ार रुपए प्रति एकड़ कर दी है। यह जानकारी सहकारिता मंत्री सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने आज यहां दी। उन्होंने बताया कि किसानों को अब एक एकड़ पर दी जाने वाली कर्ज सीमा नौ हज़ार रुपए से बढ़ा कर 12 हज़ार रुपए कर दी है। किसानों को पराली न जलाने के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने केंद्र से माँग की है कि किसानों को पराली न जलाने के एवज़ में वित्तीय सहायता दी जाये लेकिन केंद्र ने अब तक कोई राहत नहीं दी। सहकारिता विभाग ने किसानों के बढ़ते खर्चों को देखते हुए बी कम्पोनेंट के लिए फसली कर्जों की एम.सी.एल. बढ़ाने का फैसला किया है। इसमें खाद, डीज़ल आदि की खरीद शामिल होती है। श्री रंधावा ने कहा कि इससे साढ़े सात लाख किसानों को फ़ायदा होगा। बढ़ी हुई राशि में से किसान 2000 रुपए पराली के संरक्षण  के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और 1000 रुपए डीज़ल के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।