मनाली में जमकर हुआ हिमपात

मनाली, 5 जनवरी (राज अग्रवाल): शनिवार को मनाली शहर के साथ-साथ ऊंची चोटियों पर जमकर हिमपात हुआ। मनाली पहुंचे सैलानियों ने जैसे ही हिमपात को होते हुए देखा तो उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। मनाली माल रोड़ पर हिमपात के बीच सैलानी खूब मौज-मस्ती करते हुए दिखाई दिए। बाहरी राज्यों से पहुंचे सैलानियों ने कहा कि हर कोई मनाली आकर इस सुहावने मौसम का लुत्फ  उठाना चाहता है और शनिवार को हुई ताज़ा बर्फबारी ने सैलानियों की इस इच्छा को भी पूरा कर दिया। मनाली शहर में हुई बर्फबारी के चलते घाटी के बागबान भी काफी खुश नज़र आ रहे हैं। क्षेत्र के बागवानों की मानें तो आने वाली सेब की फ सल के लिए यह बर्फबारी एक संजीवनी साबित होगी। मनाली के साथ-साथ जनजातीय ज़िला लाहुल एवं स्पीति की समस्त घाटी भी बर्फबारी की चपेट में आ गई है। मनाली में भी हुए ताज़ा हिमपात के बाद तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में गिरावट होने के चलते कुल्लू-मनाली में ठंड का प्रकोप काफी ज्यादा बढ़ गया है। मनाली में अधिकतर लोग तो बर्फबारी के बीच में अपने-अपने घरों में तंदूर के आगे ही दुबके रहे। ज़िला प्रशासन ने भी बर्फबारी को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। ज़िला प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को खराब मौसम में अपने-अपने घरों में ही रहने की सलाह दी है। मनाली शहर में सुबह करीब 11 बजे ही हिमपात होना शुरू हो गया तथा बर्फबारी गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। बता दें कि मनाली में इन दिनों विंटर कार्निवाल होने के चलते काफी ज्यादा संख्या में सैलानी मनाली पहुंचे हुए हैं। वहीं बर्फबारी होने से अधिकतर सैलानी मनाली में ही फंस गए हैं जिससे कि स्थानीय होटल संचालकों का काम भी काफ ी अच्छा चला हुआ है।