रामलीला मैदान में पकायी गई 5000 किलोग्राम खिचड़ी, विश्व रिकार्ड पर नज़र 

नई दिल्ली, 6 जनवरी (भाषा, उपमा डागा पारथ) : भाजपा की दिल्ली इकाई ने पिछड़े वर्ग के लोगों का ‘भीम महासंग्राम’ आयोजित किया जिसके लिए रविवार को रामलीला मैदान में 5000 किलो ‘समरसता खिचड़ी’ बनाई गई। यह खिचड़ी पकाने वालों में शामिल एक रसोइये ने बताया कि ‘समरसता खिचड़ी’ को पकाने के लिए 400 किलो चावल, 100 किलो मसूर की दाल, 350 किलो सब्जियां,100 किलो देसी घी, 100 लीटर तेल, 2,500 लीटर पानी और 250 किलो मसालों का उपयोग किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में करीब तीन लाख दलितों के घरों से एकत्र किए गए चावल और मसूर की दाल से एक विशाल बर्तन में 5000 किलो ‘समरसता खिचड़ी’ पकाई गई। यह कवायद विश्व रिकार्ड बनाने के लिए की गई। भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख मनोज तिवारी ने पहले कहा था,‘एक पात्र में 3,000 किलो खिचड़ी पकाने का विश्व रिकार्ड नागपुर के शेफ विष्णु मनोहर के नाम पर है। वह अब एक पात्र में 5,000 किलो समरसता खिचड़ी पकाने का नया विश्व रिकार्ड बनाएंगे।’ इस खिचड़ी का सभी लोगों ने भरपूर आनंद लिया।