विचारधारा की लड़ाई है 2019 का चुनाव : शाह

नई दिल्ली, 11 जनवरी (भाषा) : विपक्षी दलों के गठबंधन की पहल को ढकोसला करार देते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि भाजपा गरीबों के कल्याण और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को आगे बढ़ा रही है जबकि विपक्षी दल केवल सत्ता के लिए साथ आ रहे हैं। भाजपा की राष्ट्रीय परिषद् की बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने कहा,‘2019 का चुनाव वैचारिक युद्ध का चुनाव है। दो विचारधाराएं आमने सामने खड़ी हैं। 2019 का युद्ध सदियों तक असर छोड़ने वाला है और इसलिए मैं मानता हूं कि इसे जीतना बहुत महत्वपूर्ण है।’ उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव भारत के गरीब के लिए बहुत मायने रखता है। स्टार्टअप को लेकर निकले युवाओं के लिए ये चुनाव मायने रखता है। करोड़ों भारतीय जो दुनिया में भारत का गौरव देखने चाहते हैं उनके लिए ये चुनाव मायने रखता है। विपक्ष के महागठबंधन को ढकोसला करार देते हुए उन्होंने कहा कि एक-दूसरे का मुंह न देखने वाले आज हार के डर से एक साथ आ गए हैं, वो जानते हैं कि अकेले नरेंद्र मोदी जी को हराना मुमकिन नहीं है। शाह ने कहा कि 2014 के चुनाव में हम इन दलों को पराजित कर चुके हैं और आगे भी इन्हें पराजित करेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सीट 73 से बढ़कर 74 सीटें होगी, यह 72 नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि 2019 में भाजपा के नेतृत्व में राजग की सरकार बनेगी। अमित शाह ने कहा कि ये अधिवेशन भारतीय जनता पार्टी के देशभर में फैले कार्यकर्ताओं के लिए संकल्प करने का अधिवेशन है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अजेय योद्धा ‘मोदी’ के नेतृत्व में चुनाव में जा रहे हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को जोश में बढ़ना चाहिए लेकिन होश नहीं खोना चाहिए। शाह ने कहा कि भाजपा चाहती है जल्द से जल्द उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो और इसमें कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने कहा,‘हम प्रयास कर रहे हैं कि सुप्रीम कोर्ट में चल रहे केस की जल्द से जल्द सुनवाई हो लेकिन कांग्रेस इसमें भी रोड़े अटकाने का काम कर रही है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ समय से जो स्वयं ज़मानत पर हैं, जिन पर इनकम टैक्स का 600 करोड़ रुपए बकाया हो, ऐसे लोग मोदी जी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे हैं। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा ही किसानों की आंखों में धूल झोंकती आई है तथा किसान वर्ग को इनके द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लगाए गए अनाप शनाप आरोपों की ओर ध्यान न देकर लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को जिताना है। केन्द्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को हमेशा वोट बैंक समझा व 55 वर्ष के शासन में हमेशा गरीबों के लिए टुकड़े फैंके परन्तु गरीबी दूर करने के लिए प्रयास नहीं किए। उन्होंने मोदी सरकार की गरीबों के बारे में नीतियों की तारीफ की।