शहीद नज़ीर अहमद वानी को अशोक चक्र

नई दिल्ली, 24 जनवरी (भाषा, उपमा डागा पारथ) : कश्मीर के शोपियां में गत वर्ष नवम्बर में आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान अपनी जान कुर्बान करने वाले लांस नायक नज़ीर अहमद वानी को अशोक चक्र प्रदान किया जाएगा। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अशोक चक्र शांति काल के दौरान प्रदान किया जाने वाला भारत का सर्वोच्च वीरता सम्मान है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि 38 वर्षीय वानी कुलगाम के अश्मुजी के रहने वाले थे। वह 25 नवम्बर को भीषण मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए थे। शुरू में आतंकी रहे वानी बाद में हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्यधारा में लौट आए थे। वह 2004 में सेना में शामिल हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि वानी दक्षिण कश्मीर में कई आतंकवाद रोधी अभियानों में शामिल रहे। अशोक चक्र भारत का शांति के समय दिया जाने वाला सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। वानी को आतंकवादियों से लड़ने में अदम्य साहस का परिचय देने के लिए सेना पदक भी दिया गया।  5 कीर्ति व 12 शौर्य चक्र : राष्ट्रपति के सचिव द्वारा जारी प्रैस रिलीज के अनुसार 5 अधिकारियों को कीर्ति चक्र व 12 को शौर्य चक्र से नवाज़ा जाएगा।