ब्यूटी पार्लर से अगवा लड़की को पुलिस ने किया बरामद 

श्री मुक्तसर साहिब, 25 जनवरी - (रणजीत सिंह ढिल्लों) - शादी के दिन सुबह श्री मुक्तसर साहिब के मुख्य बाजार में ब्यूटी पार्लर पर तैयार होने पहुंची गांव चक्क पालीवाला (फाजिल्का) की लड़की को 6 हथियारबंद नौजवानों ने ब्यूटी पार्लर से अगवा कर लिया और लड़की को कार में लेकर फरार हो गए। उक्त घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिला पुलिस प्रमुख ने इस बड़ी घटना को गंभीरता से लेते हुए पांच पुलिस टीमों का गठन किया, जिन्होंने घटना के 6 घंटों के बाद फ़िरोज़पुर कैंट से लड़की को बरामद कर लिया। इसके इलावा श्री मुक्तसर साहिब के 2 नौजवानों बलजीत सिंह उर्फ बब्बू और हरप्रीत सिंह उर्फ हरमन निवासी कोटकपूरा रोड श्री मुक्तसर साहिब को भी काबू कर लिया। उनके अनुसार कुल 7 नौजवान घटना में शामिल थे, जिनमें तलविन्दर सिंह गांव बन्नांवाली (फाजिल्का) और यादविन्दर सिंह यादू गांव पाकां (फाजिल्का) समेत 3 अज्ञात नौजवान पुलिस की पहुंच से अभी बाहर हैं। पुलिस के अनुसार तलविन्दर सिंह धिन्दा लंबे समय से लड़की को परेशान कर रहा था।