राष्ट्रपति ने सैन्य बलों के कर्मियों को वीरता पुरस्कारों से नवाज़ा


नई दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) : राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने जम्मू कश्मीर और पूर्वोत्तर में सैन्य अभियानों में प्राण न्यौछावर करने वाले दो सैनिकों को मरणोपरांत कीर्ति चक्र और दो सैनिकों को शौर्य चक्र प्रदान किया। उन्होंने 16 वर्षीय इरफान रमजान शेख को भी शौर्य चक्र से नवाज़ा। शेख ने 2017 में अपने घर पर आतंकवादी हमले को नाकाम कर दिया। आर्मर्ड कॉर्प्स के विजय कुमार और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कांस्टेबल प्रदीप कुमार पांडा को कीर्ति चक्र प्रदान किया गया। जम्मू-कश्मीर में दो अलग-अलग अभियान में दोनों शहीद हो गए थे। राइफलमैन जयप्रकाश उरांव और सिपाही अजय कुमार को क्रमश: मणिपुर और जम्मू में आतंक रोधी अभियानों में उनकी भूमिका के लिए शौर्य चक्र से नवाज़ा गया। सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट कुलदीप सिंह चाहर, मेजर पवन कुमार, राइफलमैन राठवा लिलेश भाई, नायब सूबेदार अनिल कुमार दहिया, सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट जिले सिंह, हवलदार जावेद अहमद भट, हवलदार कुल बहादुर थापा, लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन शर्मा, कैप्टन अभय शर्मा, मेजर इमलियाकुम कित्जर, मेजर रोहित लिंगवाल और लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रांत पराशर को पूर्वोत्तर तथा जम्मू-कश्मीर में सैन्य अभियानों के दौरान बहादुरी दिखाने के लिए शौर्य चक्र प्रदान किया गया। कोविन्द ने तीनों सैन्य बलों के 13 वरिष्ठ अधिकारियों को परम विशिष्ट सेवा पदक भी प्रदान किए। उन्होंने दो सैन्य अधिकारियों को युद्ध सेवा पदक प्रदान किए।