राहुल की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हेतु एकजुट हुए हरियाणा के कांग्रेस नेता


राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने हरियाणा में प्रवेश कर लिया है। भारत जोड़ो यात्रा ने हरियाणा के कांग्रेसियों को काफी सक्रिय कर दिया है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में दो चरणों में आ रही है। पहले चरण की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को हरियाणा में दाखिल हो गई। राजस्थान से हरियाणा में इस यात्रा के प्रवेश करने के दौरान काफी जोरदार स्वागत किया गया। इस यात्रा का हरियाणा में सबसे बड़ा प्रभाव यह देखने को मिला कि हरियाणा कांग्रेस पिछले कईं सालों से जो अलग-अलग गुटों में बंटी हुई थी वह राहुल गांधी की यात्रा को लेकर एक साथ खड़ी नज़र आई। राहुल गांधी के स्वागत के लिए नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा से लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान तक और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा से लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला समर्थक सभी कांग्रेसी नेता यात्रा के स्वागत के लिए एकजुट नजर आए। इस यात्रा ने हरियाणा कांग्रेस में एक नई जान फूंकने का काम किया है। राहुल गांधी की यात्रा बुधवार को मेवात ज़िले से शुरू हो गई है और अगले दो दिन पलवल व फरीदाबाद ज़िलों में जाएगी। उसके बाद भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण भी हरियाणा में होगा। इस यात्रा के लिए कांग्रेसी नेताओं ने व्यापक स्तर पर खूब तैयारियां की हैं। यह तैयारियां राहुल गांधी के हरियाणा प्रवेश करने पर पहुंची भारी भीड़ से साफ नज़र भी आई। राहुल गांधी के स्वागत के लिए एकजुट हुए कांग्रेसी नेता क्या आने वाले दिनों में भी एक साथ नजर आएंगे। यह तो कहा नहीं जा सकता लेकिन हरियाणा के कांग्रेसी नेताओं को एक बार तो राहुल गांधी की इस यात्रा ने एकसाथ एक मंच पर ला दिया है। 
कर्मजीत सिंह यमुनानगर बने अध्यक्ष
डेरा संत निश्चल सिंह यमुनानगर के प्रमुख महंत कर्मजीत सिंह हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नए अध्यक्ष चुने गए। वे सेवा पंथी अड़नशाही सभा के भी प्रधान हैं। हरियाणा की भाजपा सरकार द्वारा पिछले महीने हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की नई 38 सदस्यीय एडहॉक कमेटी का गठन किया गया था। इस कमेटी का गठन डेढ़ साल के लिए किया गया है। इससे पहले बलजीत सिंह दादूवाल हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष थे। नई कमेटी के गठन के बाद बलजीत सिंह दादूवाल ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उस समय मुख्यमंत्री ने दादूवाल को नई कमेटी के गठन तक अध्यक्ष पद पर बने रहने को कहा था। बुधवार को कुरुक्षेत्र में उपायुक्त की देखरेख में एडहॉक कमेटी के नए पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। इस चुनाव में कर्मजीत सिंह को अध्यक्ष निर्वाचित कर लिया गया। 
लड़कियों की शिक्षा में अग्रणी है संत निश्चल सिंह ट्रस्ट
संत निश्चल सिंह ट्रस्ट की ओर से यमुनानगर में गुरु नानक गर्ल्ज कॉलेज, संत निश्चल सिंह सीनियर सैकेंडरी स्कूल, संत निश्चल सिंह बीऐड कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थान चलाई जा रही है। इसके अलावा पटना साहब में डेरा संत निश्चल सिंह यात्री निवास भी बनाया गया है। संत निश्चल सिंह का यमुनानगर ज़िले के अलावा अन्य इलाकों में भी काफी प्रभाव हुआ करता था। संत निश्चल सिंह के बाद संत तरलोचन सिंह व फिर उसके बाद महंत कर्मजीत सिंह को इन संस्थाओं की जिम्मेदारी मिली। अब महंत कर्मजीत सिंंह हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। अध्यक्ष महंत कर्मजीत सिंंह व एडहॉक कमेटी के पदाधिकारियों के जिम्मे हरियाणा में स्थित एतिहासिक गुरुद्वारों के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने और हरियाणा के सिख मतदाताओं की नई मतदाता सूचियां तैयार करके वार्डबंदी करके हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नए पदाधिकारियों के चुनाव की जिम्मेदारी भी होगी। कर्मजीत सिंह के जिम्मे एडहॉक कमेटी के सदस्यों को साथ जोड़ने और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे गुरुद्वारों के प्रबंधन को हरियाणा की कमेटी के अंतर्गत लाने जैसे कई चुनौतीपूर्ण कार्य होंगे। वे इन चुनौतियां का कैसे सामना करते हैं, सभी की नजरें इस ओर लग गई हैं।
झींडा का इस्तीफा
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष रहे जगदीश सिंह झींडा ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की एडहॉक कमेटी से त्यागपत्र दे दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के कार्यकाल में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का कानून बनाया गया था। इसी के तहत 2014 में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के संचालन के लिए एडहॉक कमेटी का गठन किया गया था। उस एडहॉक कमेटी का गठन डेढ़ साल के लिए किया गया था लेकिन मामला सर्वोच्च न्यायालय में जाने के बाद कमेटी करीब 8 साल तक कायम रही। जगदीश सिंह झींडा एडहॉक कमेटी के प्रधान चुने गए थे। 
2020 में जगदीश सिंह झींडा ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। उस समय संत बलजीत सिंह दादूवाल को पहले एडहॉक कमेटी का कार्यवाहक अध्यक्ष चुना गया और उसके बाद एडहॉक कमेटी के हुए चुनाव में दादूवाल अध्यक्ष चुन लिए गए। हरियाणा में अलग से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के गठन को लेकर जगदीश सिंह झींडा और दीदार सिंह नलवी के नेतृत्व में लंबा संघर्ष हुआ था और उसी के नतीजे के तौर पर हरियाणा में अलग से कमेटी गठित हुई। इस साल सर्वोच्च न्यायालय का फैसला हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पक्ष में आने के बाद झींडा गुट फिर से सक्रिय हो गया था। इसी बीच प्रदेश सरकार ने नए सिरे से 38 सदस्यीय नई एडहॉक कमेटी का गठन कर दिया। इस कमेटी में जगदीश सिंह झींडा, दीदार सिंह नलवी और संत बलजीत सिंह दादूवाल, गुरमीत सिंह तिरलोकेवाला सहित कुछ पुराने सदस्यों को फिर से कमेटी का सदस्य तो बना दिया गया लेकिन उनके ज्यादातर समर्थकों को नई एडहॉक कमेटी में जगह नहीं मिल पाई और सरकार ने अपने हिसाब से नए सदस्य मनोनीत कर दिए। जिससे साफ हो गया था कि मौजूदा एडहॉक कमेटी में जगदीश सिंह झींडा फिर से शायद अध्यक्ष नहीं बन पाएंगे। झींडा के समर्थक नई कमेटी में सदस्य न बन पाने से खफा थे और उनके नाराजगी को देखते हुए झींडा को भी नई एडहॉक कमेटी के सदस्य पद से इस्तीफा देना पड़ा। 
विधानसभा का शीतकालीन सत्र
हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 26 दिसम्बर से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र के 3 दिन चलने की उम्मीद है। विधानसभा सचिवालय ने 26, 27 व 28 दिसम्बर को विधानसभा में रखे जाने वाले प्रश्नाें का ड्रॉ निकाल दिया है। वैसे विधानसभा की कार्यावधि बारे विधानसभा की कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में तय किया जाएगा। यह बैठक 26 दिसम्बर को ही होगी। हरियाणा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने विधानसभा की बैठकों की अवधि 4 घंटे से बढ़ाकर 6 घंटे कर दी है। पहले विधानसभा सत्र की अवधि पहले दिन दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक हुआ करती थी और बाकी दिनों में 10 बजे से 2 बजे तक 4 घंटे के लिए ही कार्यवाही निर्धारित होती थी। हरियाणा में हुए ज़िला परिषद, ब्लॉक समिति व पंचायत चुनावों के बाद होने जा रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र के काफी रोचक रहने की उम्मीद है। विधानसभा में एमबीबीएस छात्रों की बांड पॉलिसी, प्रदेश में खाद की कमी, कानून व्यवस्था की स्थिति, प्रदेश पर बढ़ते कर्ज सहित कईं मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। इसलिए इस बार शीतकालीन सत्र काफी रोचक रहने के आसार हैं। 
-मो.-9855465946