स्पीकर ओम बिरला ने कांग्रेस सांसदों को लगाई फटकार
नई दिल्ली, 13 फरवरी - लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज सदन में नारेबाजी कर रहे कांग्रेस सांसदों से कहा कि आपकी पार्टी ने लंबे समय तक देश पर शासन किया है। अब आप स्वयं योजनाबद्ध तरीके से हंगामा खड़ा करके सदस्यों के अधिकार छीनना चाहते हैं। दरअसल, कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सांसद अडानी समूह से जुड़ी एक खबर को लेकर सदन में हंगामा कर रहे थे। सदन में प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। ओम बिरला ने उनसे नारेबाजी बंद करने और सदन को चलने देने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस का नाम लिए बगैर कहा कि आप प्रश्नकाल के दौरान एक योजनाबद्ध डेडलॉक पैदा करते हैं, यह अच्छी परंपरा नहीं है। आपने इतने वर्षों तक शासन किया है, फिर भी आप सदन में व्यवधान डालते रहते हैं। उन्होंने कहा कि आप चर्चा नहीं चाहते। आप महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में नहीं लाना चाहते। उन्होंने कहा कि सरकार की जवाबदेही प्रश्नकाल के दौरान तय होती है। यह सबसे महत्वपूर्ण समय है। आप सदस्यों के अधिकार छीनना चाहते हैं।