दुनिया की सबसे खूबसूरत जीव प्रजातियों में से एक है रेड पांडा

दुनिया की सबसे खूबसूरत जीव प्रजातियों में से एक रेड पांडा या मूल पांडा जिन्हें लेसर पांडा, फायरफॉक्स और रेंडी बिल्ली-भालू भी कहते हैं। अवैध वन्यजीव तस्करी के कारण लुप्त होने की कगार पर हैं। पिछले 20 सालों में रेड पांडा की आबादी में 50 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आयी है। अलग-अलग अनुमानों के मुताबिक इन दिनों पूरी दुनिया में ढाई हजार से दस हजार के बीच ही रेड पांडा बचे हैं, जो कि हिमालयन रेंज की जीव प्रजाति है। रेड पांडा के अस्तित्व की इस गंभीरता को देखते हुए ‘रेड पांडा नेटवर्क’ संस्था द्वारा साल 2010 से अंतर्राष्ट्रीय रेड पांडा दिवस का आयोजन करती है। यह आयोजन किसी तारीख को समर्पित होने की बजाय हर साल सितंबर माह के तीसरे शनिवार को होता है। इस साल यह दिन 20 सितंबर 2025 को पड़ रहा है।  इस दिन अंतर्राष्ट्रीय रेड पांडा दिवस इसलिए मनाया जाता है, क्योंकि दुनिया की इस सबसे खूबसूरत जीव प्रजातियों की वनों की कटाई, अवैध शिकारियों के अंधाधुंध शिकार करने, इनके आवास के खात्मे व जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियाें के चलते ये लुप्त होने के कगार पर पहुंच गये हैं। इसलिए इस दिवस के माध्यम से दुनियाभर के लोगों को इनको बचाने का संदेश देने के लिए यह दिन मनाया जाता है। इसकी शुरुआत साल 2010 में हुई और यह शुरुआत रेड पांडा नेटवर्क नामक एक गैरलाभकारी संस्था द्वारा की गई। इस संस्था द्वारा पहली बार इंटरनेशनल रेड पांडा दिवस 18 सितंबर 2010 को मनाया गया। रेड पांडा दिवस मनाने के लिए दुनियाभर के ऐसे चिड़ियाघरों में जहां रेड पांडा होते हैं, विशेष कार्यक्रम किये जाते हैं। इस दिन चिड़ियाघर घूमने आने वाले लोगों से रेड पांडा की देखरेख करने वाले केयरटेकर इनके लुप्तप्राय होने की आशंका की बात करते हैं। लोगों को इनके महत्व को समझाते हैं कि किस तरह इनके बचाने से हमारी विविध पारिस्थितिकी तंत्र का बचाव संभव है। सोशल मीडिया में इस दिन कई तरह के अभियान देखने को मिलते हैं, जिनमें हैश टैग सेव पांडा, हैश टैग इंटरनेशनल रेड पांडा डे तथा हैश टैग आईआरपीडी 2025 जैसे स्लोगन देखने को मिलेंगे। जो लोग इस मासूम जीव प्रजाति को बचाने के लिए संरक्षण अभियान में शामिल होते हैं, वो इनको बचाने और इनके आवासों की व्यवस्था करने वाली संस्थाओं आदि को दान देते हैं तथा रेड पांडा रेंजर जैसी गतिविधियों को सक्रिय किया जाता है। इसलिए अंतर्राष्ट्रीय रेड पांडा दिवस मूलत: धरती में इनके अस्तित्व को बनाये रखने में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। रेड पांडा का दुनिया में अस्तित्व इसलिए ज़रूरी है, क्याेंकि यह जीव प्रजाति अपनी अद्वितीय पारिवारिक वर्ग में एकमात्र बची जीव प्रजाति है, जो जैव विविधता में इसकी अनोखी भूमिका और महत्व को दर्शाती है। ये पूर्वी हिमालय के पारिस्थितिकी तंत्र यानी बैंबू फॉरेस्ट (बांस के जंगलों) के स्वस्थ रहने के लिए बहुत जरूरी है। इनके गायब होने से सम्पूर्ण बैंबू पारिस्थितिकी का संतुलन बिगड़ सकता है। भारत में दुनिया के कई दूसरे देशों की तरह रेड पांडा को जैव विविधता संरक्षण अधिनियम के तहत उच्चतम कानूनी सुरक्षा मिली हुई है। इस दिवस को मनाते हुए जो संदेश सबसे ज्यादा मजबूती से प्रसारित करने की कोशिश की जाती है, वह यह कि इस मासूम जीव प्रजाति को कैसे अवैध शिकार और व्यापार से बचाया जाए? क्योंकि रेड पांडा पारिस्थितिकी संतुलन में अद्वितीय वर्ग में आता है। इसलिए इसे बचाया जाना हर हाल में ज़रूरी है, नहीं तो दुनिया से इस नस्ल का हमेशा हमेशा के लिए खात्मा हो जायेगा।
रेड पांडा को बचाने के लिए हर कोई अपने अपने स्तर पर भूमिका निभा सकता है। अगर आप कुछ ज्यादा नहीं कर सकते तो कम से कम सोशल मीडिया पर इनके बचाव को लेकर इस दिन किसी हैश टैग का उपयोग तो कर ही सकते हैं। किसी चिड़ियाघर या संरक्षण संगठन के इस दिन से संबंधित कार्यक्त्रम में भाग लें या रेड पांडा नेटवर्क जैसे संस्थानों को दान देकर या इस दिन ऐसे संस्थानों द्वारा चलाये जाने वाले स्वयं सेवा कार्यक्रमों में भाग लें। बच्चों को विशेष करके इस बारे में शिक्षित किया जाना चाहिए और रेड पांडा रेंजर कार्यक्रम जैसी गतिविधियों में उन्हें शामिल किया जाना चाहिए। हालांकि अभी तक इस साल के लिए इस विषय डे की कोई आधिकारिक थीम घोषित नहीं हुई, लेकिन इस दिन की जो स्थायी थीम है वह यही है कि इस प्यारे से जीव को दुनिया में लुप्त होने से हर हाल में बचाया जाए। 
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#दुनिया की सबसे खूबसूरत जीव प्रजातियों में से एक है रेड पांडा