पाकिस्तान ने संघर्ष विराम खत्म होने के बाद हमले किए: अफगानिस्तान 


इस्लामाबाद, 18 अक्टूबर  पाकिस्तान की सेना ने दो दिवसीय संघर्ष विराम खत्म होने के कुछ घंटे बाद दक्षिण-पूर्वी अफगानिस्तान में हमले किए हैं। एक अफगान पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।  पुलिस प्रवक्ता मोहम्मदुल्लाह अमीनी माविया ने बताया कि बम विस्फोट दक्षिण-पूर्वी पक्तिका प्रांत और पाकिस्तान सीमा से सटे दो अन्य इलाकों में हुए, जिसमें खानदार गांव में एक आम नागरिक के घर पर किया गया हमला भी शामिल है।उन्होंने बताया कि हमले में कई लोग हताहत हुए हैं।अफगानिस्तान के इस दावे पर पाकिस्तान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।  

    बुधवार को शुरू हुए संघर्ष विराम से कई दिन से जारी लड़ाई रुक गई थी। संघर्ष में दर्जनों लोग मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हुए हैं।      शुक्रवार शाम को संघर्ष विराम समाप्त हो गया। हालांकि, संघर्ष को रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। कतर ने शांति वार्ता की मेजबानी की कथित तौर पर पेशकश की है।   

  दक्षिण-पूर्वी अफगानिस्तान में हमलों से कुछ घंटे पहले पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा था कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) समर्थित एक आत्मघाती कार हमलावर ने सीमा के पास सुरक्षा बलों के एक परिसर पर हमला किया, जिसमें कई लोग मारे गए।      पाकिस्तानी पुलिस ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मीर अली शहर में हुए इस हमले के बाद भीषण गोलीबारी भी हुई, जिसमें कम से कम छह आतंकवादी और एक सैनिक की मौत हो गई।

     पाकिस्तान में टीटीपी आतंकवादी संगठन माना जाता है। यह अफगानिस्तान के तालिबान से अलग है, लेकिन उससे संबद्ध है।

#पाकिस्तान