एआई समिट में बवाल के खिलाफ सड़क पर उतरी भाजपा, चारों आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड
नई दिल्ली, 21 फरवरी - दिल्ली में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इंडिया आई इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उधर, भारत मंडपम में प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस के सदस्यों को पुलिस ने शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की पांच दिन की कस्टडी मांगी।
इंडियन यूथ कांग्रेस के एआई समिट में हंगामा करने के विरोध में भाजपा ने मोर्चा खोल दिया। भाजपा आज सड़क पर उतर आई। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में शुक्रवार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट लाया गया। दिल्ली पुलिस ने सभी आरोपियों की पांच दिन की कस्टडी मांगी। जबकि बचाव पक्ष ने इसका कड़ा विरोध करते हुए जमानत याचिका दाखिल की। कोर्ट ने इस मामले में पुलिस को आरोपियों की पांच दिन की कस्टडी दे दी है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान कृष्ण हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव के तौर पर हुई है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की पांच दिन की कस्टडी मांगी थी। पुलिस ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नेताओं और जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी में देश विरोधी नारे लगाए गए। भागे हुए दूसरे आरोपियों को पकड़ने के लिए उनकी कस्टडी जरूरी है। पुलिस ने कहा कि तीन पुलिसवाले घायल हुए हैं और उनके (आरोपियों) मोबाइल फोन रिकवर करने हैं ताकि यह वेरिफाई किया जा सके कि उन्हें फंडिंग मिली थी या नहीं। वहीं, कोर्ट ने जांच अधिकारी से पूछा कि पांच दिन की कस्टडी क्यों चाहिए। जांच अधिकारी ने कहा कि गहरी साजिश है, दूसरे आरोपी मौके से भाग गए, और सही जांच के लिए कस्टडी चाहिए।

