राहुल गांधी यूथ कांग्रेस प्रमुख की गिरफ्तारी पर भड़के 

नई दिल्ली, 24 फरवरी - राहुल गांधी ने कहा है कि इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का सबूत है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स हैंडल पर लिखा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा, 'मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने निडर होकर देश के हित में आवाज़ उठाई है। अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में देश के हितों से समझौता किया गया है। यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा।'
यह मामला राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के 'शर्टलेस प्रोटेस्ट' से जुड़ा है। दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस (युवा कांग्रेस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी समेत कई अन्य नेताओं ने भी यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का विरोध किया है। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अमेरिका के साथ डील के दौरान भारत के हितों से समझौता किया गया है। इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और इंडियन यूथ कांग्रेस के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है। कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मज़बूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है। डरो मत-सच और संविधान हमारे साथ हैं। 

#राहुल गांधी
# कांग्रेस