हरियाणा के बजट से हैं लोगों को भारी उम्मीदें
हरियाणा विधानसभा का बजट 2 मार्च को पेश किया जाएगा। प्रदेश के लोगों को बजट से काफी उम्मीदें हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जिनके पास वित्त विभाग भी है, विधानसभा में प्रदेश का बजट पेश करेंगे। बजट के लिए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न वर्गों, संगठनों, विधायकों, सांसदों व अन्य समाज के विभिन्न वर्गों से व्यापक विचार-विमर्श कर सुझाव मांगे थे। अगले साल पंजाब विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। भाजपा पंजाब चुनाव में पूरी ताकत झोंक रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पंजाब चुनाव के लिए विशेष ज़िम्मेदारी दी गई है। पंजाब व हरियाणा दोनों राज्यों के आपसी संबंध बहुत गहरे हैं और दोनों राज्यों के राजनीतिक घटनाक्रम का एक-दूसरे पर व्यापक असर भी देखा जाता रहा है। माना जा रहा है कि इस बार हरियाणा के बजट में विभिन्न वर्गों के लिए कुछ खास रियायतें और सुविधाएं दिए जाने का ऐलान किया जा सकता है ताकि उन रियायतों और सुविधाओं का प्रभाव पंजाब में भाजपा के चुनावी समीकरणों पर भी दिखाई दे सके। अभी भी हरियाणा के मुख्यमंत्री पंजाब में जब भी चुनाव प्रचार के लिए जाते हैं, वे वहां पर हरियाणा मॉडल की सरकार बनाने और हरियाणा में भाजपा सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का विशेष उल्लेख करते हुए पार्टी की हवा बनाने का प्रयास कर रहे हैं। हरियाणा के बजट में लोगों के लिए क्या-क्या नई सुविधाएं होंगी, यह तो आने वाला समय ही बताएगा लेकिन एक बात साफ है कि प्रदेश के लोगों को नायब सिंह सैनी द्वारा बतौर वित्त मंत्री 2 मार्च को पेश किए जाने वाले बजट पर काफी उम्मीदें हैं।
पूर्व विधायक को सम्मानित करने की मांग
हरियाणा की डबवाली तहसील के गांव सकता खेड़ा निवासी पूर्व विधायक सहीराम बिश्नोई को हरियाणा विधानसभा द्वारा सम्मानित किए जाने की इनेलो ने मांग की है। सहीराम बिश्नोई की उम्र इस समय करीब 105 साल है और वह 1957 में अबोहर विधानसभा क्षेत्र से संयुक्त पंजाब विधानसभा के लिए पहली बार विधायक चुने गए थे। इनेलो का मानना है कि सहीराम बिश्नोई शायद हरियाणा में ही नही बल्कि पूरे देश के जीवित पूर्व विधायकों में सबसे बड़ी उम्र के हैं जो 105 साल के होने के बावजूद भगवान की कृपा से अभी तक पूरी तरह ठीकठाक हैं। इनेलो की ओर से पार्टी विधायक दल के नेता आदित्य देवीलाल ने स्पीकर हरविंद्र कल्याण को पार्टी की ओर से इस बारे एक पत्र भी सौंपा। यह पत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, विधायक दल के नेता और डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल और रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला की ओर से दिया गया। इनेलो नेताओं ने स्पीकर को बताया कि पूर्व विधायक सहीराम बिश्नोई ने देश के बंटवारे के बाद जो किसान किसी वजह से जमीन का क्लेम करने में असफल रहे थे, उनकी मदद करने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों पंजाब विश्वविद्यालय ने भी उन्हें सम्मानित किया था। इनेलो ने स्पीकर से आग्रह किया कि विधानसभा के नियमों के अनुसार सहीराम बिश्नोई को सदन का सबसे वयोवृद्ध सदस्य होने के नाते किसी विशेष आयोजन के तहत उनको उचित मान-सम्मान दिया जाए, ताकि जन प्रतिनिधि व लम्बे समय तक समाज को दी गई सेवाओं के प्रति उनका अभिनंदन किए जाने से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके।
राज्यसभा चुनाव
हरियाणा से राज्यसभा के लिए होने वाले दो सीटों के चुनाव के लिए अधिसूचना 26 फरवरी को जारी होने जा रही है और नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख 5 मार्च रखी गई है। 6 मार्च को नामांकन पत्रों की पड़ताल होगी और 9 मार्च तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। अगर मतदान की जरूरत पड़ी तो 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम को वोटों की गिनती होगी। 20 मार्च से पहले-पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। विधानसभा के मौजूदा विधायकों की संख्या को देखते हुए अभी तक भाजपा व कांग्रेस को एक-एक सीट मिलती नजर आ रही है। विधानसभा में भाजपा के पास 48 सदस्य हैं। इसके अलावा भाजपा सरकार को तीन निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन हासिल है। कांग्रेस के पास 37 और इनेलो के पास दो विधायक हैं। अगर भाजपा को कांग्रेस से क्रॉस वोटिंग होने की उम्मीद बनी तो निश्चित तौर पर भाजपा दूसरी सीट के लिए भी किसी निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन दे सकती है। इससे पहले भी जब सुभाष चंद्रा हरियाणा से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे, उस समय भी इनेलो और कांग्रेस के पास एक सांसद चुनवाने के लिए विधायकों की पर्याप्त संख्या थी, लेकिन इनेलो व कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार आरके आनंद इसलिए चुनाव हार गए थे कि चुनाव के दौरान पेन बदल दिया गया था और अलग स्याही वाले पेन से बड़ी संख्या में वोट कैंसल होने के बाद भाजपा समर्थित सुभाष चंद्रा चुनाव जीत गए थे। इसके बाद अजय माकन के चुनाव में भी कांग्रेस के कुछ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग करके भाजपा समर्थित कार्तिकेय शर्मा का चुनाव जितवा दिया था। हालांकि कांग्रेस के पास अपना एक उम्मीदवार जितवाने के लिए पर्याप्त मात्रा में वोट थे लेकिन भीतरघात के चलते कार्तिकेय शर्मा चुनाव जीत गए और कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन चुनाव हार गए थे। इस बार राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल पूरा होने पर राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव होने जा रहे हैं।
सिख समाज को भी उम्मीद
इस बार पंजाब विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह भी उम्मीद जताई जा रही है कि भाजपा हरियाणा से सिख समाज के किसी नेता को उम्मीदवार बनाकर उसे राज्यसभा में भेज सकती है ताकि आने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका लाभ मिल सके। वैसे हरियाणा से सरदार लक्ष्मण सिंह, सरदार तरलोचन सिंह पहले भी राज्यसभा सांसद रह चुके हैं।
हरियाणा से 2004 से 2010 तक निर्दलीय राज्यसभा सांसद रह चुके तरलोचन सिंह राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन भी रह चुके हैं और उनकी गिनती भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के नजदीकी लोगों में होती है। उन्हें सिख समाज में भी काफी सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। इस बार अगर हरियाणा से संबंधित सिख समाज के किसी नेता को भाजपा द्वारा राज्य सभा में भेजने का निर्णय लिया जाता है तो उनमें सरदार तरलोचन सिंह, सरदार हरपाल सिंह चीका और सरदार बलदेव सिंह मांगेआना के नामों पर भी विचार होने की उम्मीद है। हरपाल सिंह चीका की गिनती हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में होती है और वह हरियाणा शुगरफैड के चेयरमैन और पंजाबी अकादमी के निदेशक सहित अनेक प्रमुख पदों पर रहे हैं। सरदार बलदेव सिंह मांगेआना भाजपा की ओर से डबवाली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े थे। इसके अलावा पंजाब के कई सिख नेताओं के नामों पर भी चर्चा चल रही है, जिन्हें भाजपा राज्यसभा भेजने पर विचार कर सकती है। वैसे भाजपा हर बार चौंकाने वाला निर्णय लेने के लिए जानी जाती है और इस बार भी भाजपा कुछ ऐसा ही निर्णय ले सकती है। कांग्रेस उम्मीदवार के बारे में यह चर्चा चल रही है कि अगर कांग्रेस का राज्य सभा उम्मीदवार भूपेंद्र हुड्डा की पसंद का न हुआ तो भाजपा निश्चित तौर पर दूसरी सीट पर भी किसी दमदार निर्दलीय उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतार कर उसका समर्थन कर सकती है। कांग्रेस का खेल बिगाड़ने के लिए एक बार फिर क्रॉस वोटिंग होने की संभावनाओं से इन्कार नही किया जा सकता। वैसे अगले हफ्ते दाखिल होने वाले नामांकन पत्रों से राज्य सभा चुनाव की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
मो.-9855465946



