पश्चिम एशिया तनाव से संबंधित मार्गों पर हवाई टिकट रद्द करा रहे यात्री

नई दिल्ली, 2 मार्च - 'इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स' (आईएटीओ) ने सोमवार को कहा कि क्षेत्र में जारी सैन्य संघर्ष के बीच पश्चिम एशिया से जुड़े मार्गों के लिए यात्रा बुकिंग में 20-25 प्रतिशत रद्दीकरण और पुनर्निर्धारण देखा जा रहा है।

आईएटीओ के अनुसार, वर्तमान में व्यवधान मुख्य रूप से खाड़ी पारगमन केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट गलियारों में केंद्रित है।

आईएटीओ के अध्यक्ष रवि गोसाईं ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "जारी भू-राजनीतिक तनाव और संबंधित हवाई क्षेत्र की अनिश्चितताओं के कारण पश्चिम एशिया से जुड़े मार्गों पर यात्रा बुकिंग में 20-25 प्रतिशत की गिरावट और बदलाव देखा जा रहा है।"

उन्होंने कहा कि उड़ानों के मार्ग परिवर्तन, यात्रा की लंबी अवधि, बीमा शर्तों और अंतिम समय में जारी होने वाले परामर्श के कारण यात्री सतर्क हो गए हैं और अपनी योजनाओं को स्थगित या संशोधित कर रहे हैं।

#पश्चिम एशिया तनाव से संबंधित मार्गों पर हवाई टिकट रद्द करा रहे यात्री