ईरान ने दुबई एयरपोर्ट पर किया हमला, सभी उड़ानों पर लगी रोक
अबू धाबी, 7 मार्च - दुबई में मिडिल ईस्ट संघर्ष के बीच शनिवार को अचानक सुरक्षा अलर्ट ने अंतरराष्ट्रीय विमानन गतिविधियों को प्रभावित कर दिया। पिछले कई दिनों से ईरान और इजरायल के बीच चल रहे हमलों के कारण खाड़ी क्षेत्र पहले ही हाई अलर्ट पर था। इसी बीच अब दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमले की खबरें सामने आ रही है। इसके कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें ड्रोन एयरपोर्ट के पास गिरता दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर मिसाइल का मलबा गिरने की बात भी कही जा रही है। खबरों के अनुसार, ड्रोन अटैक के बाद कुछ समय के लिए एयरपोर्ट का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। हालांकि बाद में सीमित फ्लाइट संचालन फिर शुरू कर दिया गया।
हिजबुल्ला के ठिकानों को किया नष्ट- इस्राइल का दावा
इस्राइल की सेना ने कहा कि दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी पर रात भर किए गए उसके हमलों में हिजबुल्ला सशस्त्र समूह से संबंधित रॉकेट लॉन्चर, हथियार भंडारण सुविधाएं और अन्य सैन्य स्थलों को निशाना बनाया गया है। टेलीग्राम पर जारी सैन्य बयान में यह भी कहा गया है कि एक दिन पहले, उसकी सेनाओं ने दक्षिणी लेबनान के मजदल सेलम क्षेत्र में हिजबुल्ला के रादवान फोर्स के अज्ञात कमांडरों और इस विशिष्ट इकाई के दो कमान केंद्रों पर हमला किया था।
बहरीन: 86 मिसाइलों और 148 ड्रोन नष्ट
बहरीन रक्षा बल के जनरल कमांड ने कहा है कि देश के खिलाफ विश्वासघाती आक्रमण की शुरुआत के बाद से हवाई रक्षा प्रणालियों ने 86 मिसाइलों और 148 ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया है।

