धर्म और आदर्श का प्रेरक पर्व है रामनवमी
भारतीय संस्कृति में चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि आस्था, आदर्श और दिव्यता के अद्वितीय उत्सव (रामनवमी) के रूप में प्रतिष्ठित है। रामनवमी मर्यादा, धर्म और आदर्श जीवन के प्रतीक भगवान श्रीराम के अवतरण का पावन स्मरण है। इस दिन अयोध्या धाम आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठता है, जहां सरयू के पावन तट पर स्नान, पंचकोसी परिक्रमा व भक्ति से सराबोर जनसमूह रामनाम में लीन दिखाई देता है। सम्पूर्ण नगरी भजन-कीर्तन, अखंड रामायण पाठ और जयघोषों से राममय हो जाती है। देश के विभिन्न भागों में भी श्रद्धालु व्रत, उपवास, हवन, यज्ञ और दान-पुण्य के माध्यम से इस दिव्य अवसर को मनाते हैं। धर्मग्रंथों के अनुसार नवरात्र साधना के समापन पर प्रकट हुए श्रीराम में देवी दुर्गा की नवमी शक्ति का संचार था। त्रेता युग में महारानी कौशल्या के गर्भ से जन्मे श्रीराम आदर्श मानवता के शाश्वत प्रतीक हैं।
भगवान राम को हिन्दू धर्म में भगवान विष्णु का सातवां अवतार माना गया है, जिनके विशिष्ट कृत्यों के कारण ही उन्हें सदियों से मर्यादा पुरुषोत्तम के नाम से जाना जाता है। रामायण तथा अन्य पुराणों के अनुसार भगवान राम का जन्म 5114 ईसा पूर्व त्रेता युग में अयोध्या में हुआ था। मान्यता है कि त्रेता युग में अयोध्या के महाराजा दशरथ की पटरानी महारानी कौशल्या ने मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम को जन्म दिया था। महार्षि वाल्मीकि रामायण के अनुसार, ‘भगवान श्रीराम चन्द्रमा के समान अति सुंदर समुद्र के समान गंभीर और पृथ्वी के समान अत्यंत धैर्यवान थे तथा इतने शील सम्पन्न थे कि दुखों के आवेश में जीने के बावजूद कभी किसी को कटु वचन नहीं बोलते थे। वे अपने माता-पिता, गुरुजनों, भाईयों, सेवकों, प्रजाजनों अर्थात् हर किसी के प्रति अपने स्नेहपूर्ण दायित्वों का निर्वाह किया करते थे। माता-पिता के प्रति कर्त्तव्य पालन एवं आज्ञा पालन की भावना तो उनमें कूट-कूटकर भरी थी, जिनकी कठोर से कठोर आज्ञा के पालन के लिए भी वे हर समय तत्पर रहते थे।’
अपने क्रियाकलापों के जरिये राम ने सृष्टि के समक्ष ऐसा अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जिस कारण उन्हें ‘मर्यादा पुरूषोत्तम’ कहा गया। उन्होंने मर्यादा, करुणा, दया, सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलते हुए अयोध्या पर राज किया। उनमें दयालुता, सहनशीलता, धैर्य, आदर्श पुत्र, आदर्श पति, आदर्श भाई, आदर्श शासक इत्यादि तमाम ऐसे गुण विद्यमान थे, जिनके कारण उन्हें आदर्श पुरुष और मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है। लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न उनके सौतेले भाई थे लेकिन उन्होंने तीनों के साथ न केवल सदैव सगे भाई से भी बढ़कर व्यवहार किया बल्कि भाईयों के लिए हमेशा त्याग और समर्पण के लिए भी तैयार रहे। इसीलिए आदर्श भाई के रूप में आज भी उनका नाम आदर-सम्मान के साथ लिया जाता है और कहा जाता है कि भाई हो तो राम जैसा। माता सीता को त्यागने पर स्वयं अयोध्या का राजा होते हुए उन्होंने एक संन्यासी की तरह जीवन बिताया।
श्रीराम का चरित्र बेहद उदार प्रवृत्ति का था। उन्होंने उस अहिल्या का भी उद्धार किया, जिसे उसके पति ने देवराज इन्द्र द्वारा छलपूर्वक उसका शीलभंग किए जाने के कारण पतित घोषित कर पत्थर की मूर्त बना दिया था। जिस अहिल्या को निर्दोष मानकर किसी ने नहीं अपनाया, उसे भगवान श्रीराम ने अपनी छत्रछाया प्रदान की। लोगों को गंगा नदी पार कराने वाले एक मामूली से नाविक केवट की अपने प्रति अपार श्रद्धा एवं भक्ति से प्रभावित होकर श्रीराम ने उसे अपने छोटे भाई का दर्जा दिया और उसे मोक्ष प्रदान किया। अपनी परम भक्त शबरी नामक भीलनी के झूठे बेर खाकर शबरी का कल्याण किया। उनमें दयालुता का ऐसा गुण था, जिसके कारण उन्होंने मानव, दानव, पक्षी सभी को आगे बढ़ने का अवसर दिया। अयोध्या के आदर्श राजा होने के साथ ही वे एक ऐसे कुशल प्रबंधक भी थे। जिनमें सभी को साथ लेकर चलने का विशेष गुण था और उसी गुण के कारण उन्होंने कम सैनिकों तथा संसाधनों के बगैर भी अपनी सेना की सहायता से लंका जाने के लिए पत्थरों से विशाल सेतु का निर्माण कराया और अपने कौशल से लंका पर आक्रमण किया। उनकी सेना में इंसान व पश सभी शामिल थे और हनुमान, जामवंत तथा अंगद को उन्होंने सेना का नेतृत्व करने का अवसर दिया।
भगवान विष्णु के 7वें अवतार श्रीराम 16 गुणों और 12 कलाओं के स्वामी थे। श्रीराम सूर्यवंशी थे और सूर्य की 12 कलाएं ही होती हैं, इसीलिए मान्यता है कि श्रीराम में सूर्य की समस्त 12 कलाएं विद्यमान थी। शास्त्रों में कलाओं का तात्पर्य किसी अवतारी शक्ति की एक इकाई से है और ये कलाएं सूर्य-चंद्रमा के बदलते रूप को भी दर्शाती हैं। पत्थर और वृक्ष में 1.2 कला जबकि पशु-पक्षियों में 2 से 4 कलाएं होती हैं। साधारण मानव में 5 और संस्कारी मानव में 6 कलाएं होती हैं। ऋषि-मुनि, संत जैसे विशिष्ट महापुरुषों में 7 से 8 कलाएं होती हैं, जो उनकी चेतना को चरम प्रदान करते हुए उन्हें श्रेष्ठ और पूजनीय बनाती हैं। 9 कलाओं से युक्त सप्तर्षि, मनु, देवता, प्रजापति और लोकपाल होते हैं।
मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम में सभी के प्रति प्रेम की अगाध भावना कूट-कूटकर भरी थी। उनकी प्रजा वात्सल्यता, न्यायप्रियता और सत्यता के कारण ही उनके शासन को आज भी ‘आदर्श’ शासन की संज्ञा दी जाती है और आज भी अच्छे शासन को ‘रामराज्य’ कहकर परिभाषित किया जाता है। ‘रामराज्य’ यानी सुख, शांति एवं न्याय का राज्य।



