ओडिशा में दर्दनाक हादसा: नयागढ़ में टूरिस्ट बस पलटी, पांच की मौत

नयागढ़, 28 मार्च - ओडिशा में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे और तेज तूफान ने मिलकर तबाही मचा दी। नयागढ़ ज़िले में एक टूरिस्ट बस के पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। वहीं, मयूरभंज और पुरी जिलों में आए तेज आंधी-तूफान के कारण तीन लोगों की जान चली गई।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 2 बजे हनुमान घाटी रोड पर दासपल्ला इलाके में हुआ, जब 55 यात्रियों से भरी बस मोड़ लेते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। मृतकों की पहचान हरी पात्रा, लक्ष्मी पात्रा, सुप्रभा साहू, सुमति और चालक प्रवीण कुमार साहू के रूप में हुई है, जो सभी बरहामपुर के निवासी थे। घायलों को तुरंत बचाव दल ने बाहर निकालकर दासपल्ला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल यात्री आर्य पात्रा के अनुसार, बस 100 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रही थी और अचानक पलट गई। कुछ यात्री बाहर जा गिरे, जबकि कई लोग बस के नीचे दब गए। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने भी शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
 

#ओडिशा
# नयागढ़
# टूरिस्ट बस