दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट कौन सा है ?

‘दीदी, अभी हाल ही में हमारे देश में किस जगह एक नये एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ है?’
‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले फेज़ का उद्घाटन 28 मार्च 2026 को हुआ। यह एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्टस में से एक होगा।’ 
‘यह कितने बड़े क्षेत्र में बन रहा है?’
‘यह एयरपोर्ट 6200 हेक्टेयर यानी लगभग 15,320 एकड़ के क्षेत्र में बन रहा है।’
‘तो दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट कौन सा है?’
‘वह तो इतना बड़ा है कि मुंबई जैसा शहर भी उसके अंदर समा जाये।’
‘मगर वह है कौन सा?’
‘दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट सऊदी अरब के दम्माम शहर में है, जिसने 1999 से कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू कर दी थीं।’
‘इस एयरपोर्ट का क्या नाम है?’
‘किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट।’ 
‘इसका एरिया कितना है?’
‘यह एयरपोर्ट 299.01 वर्ग मील यानी 776 वर्ग किमी में फैला हुआ है।’ 
‘इसके निर्माण में तो बहुत समय लगा होगा।’
‘हां, इसका निर्माण 1983 में शुरू हुआ और 28 नवम्बर 1999 को कार्य पूरा हुआ।’ 
‘किंग फहद एयरपोर्ट मुंबई से बड़ा कैसे हुआ?’
‘मुंबई का क्षेत्रफल 603.4 वर्ग किमी है और इस एयरपोर्ट का क्षेत्रफल 776 वर्ग किमी है। तुम्हें जानकर आश्चर्य होगा कि खाड़ी युद्ध के दौरान इस एयरपोर्ट का इस्तेमाल अमरीकी एयरबेस के रूप में किया गया था।’
‘किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कितने टर्मिनल हैं?’
‘तीन टर्मिनल हैं। इस एयरपोर्ट से वार्षिक 10 मिलियन से अधिक यात्री यात्रा करते हैं। यह एयरपोर्ट आधुनिक तकनीक, विशाल रनवे और उन्नत सुविधाओं का प्रतीक है। वैश्विक विमानन इतिहास में इसका आकार एक रिकॉर्ड है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट कौन सा है ?