'देश की महिलाओं को हुआ नुकसान, कांग्रेस को झेलना होगा आक्रोश', रिजिजू का विपक्ष पर हमला
नई दिल्ली, 18 अप्रैल - लोकसभा में बीते दिन संविधान संशोधन से जुड़े विधेयक पारित नहीं हुए। इसे लेकर एक तरफ कांग्रेस जश्न मना रही है और उसकी तरफ से केंद्र सरकार पर कई आरोप भी लगाए गए हैं। वहीं इसके जवाब में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजनीति से प्रेरित होकर और महिलाओं को अधिकार न देने की मानसिकता के साथ कांग्रेस और विपक्ष ने संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं होने दिया। हम दुखी इसलिए हैं क्योंकि इससे देश की महिलाओं को नुकसान हुआ है। देश की बागडोर संभालने और निर्णय प्रक्रिया में उन्हें प्रतिनिधित्व देने का प्रयास सफल नहीं हो सका। अब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, कल संसद में जो हुआ उसे देश ने देखा है। नारी शक्ति बिल, बहुमत न मिलने के कारण पारित नहीं हो सका है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने इस गंभीर मुद्दे को भी राजनीति से देखा और राजनीति से प्रेरित होकर काम किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के साथ न आने के कारण नारी शक्ति बिल को दो तिहाई बहुमत हमें नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने जिस तरह का काम किया है उसका जवाब अब उन्हें महिलाओं को देना होगा। उन्होंने कहा कि हम महिलाओं को उनका हक दिला रहे थे लेकिन विपक्ष महिलाओं को आरक्षण न देकर इसका जश्न मना रहा है।

