राघव सहित 7 MP भाजपा के साथ, BJP अध्यक्ष नवीन ने स्वागत किया; अब सदस्यता रद्द करने की मांग
नई दिल्ली, 24 अप्रैल - आम आदमी पार्टी (आप) को शुक्रवार जोर का सियासी झटका लगा है। सांसद राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक एक साथ आप से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने का एलान किया है। इस मौके पर राघव चड्ढा ने दावा किया कि किया कि उनके साथ सात सांसद भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इससे राज्य सभा में पूरी आप का भाजपा में विलय हो गया है। इसके बाद भाजपा के डीडीयू मार्ग स्थित राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे आप सांसदों का राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आप सांसदों का स्वागत किया। उधर, आप सांसद संजय सिंह ने इसे ऑपरेशन लोटस करार दिया है। वहीं, संयोजक अरविंद केजरीवाल का आरोप है कि भाजपा ने पंजाबियों के साथ धक्का किया है।
मैंने अपनी जवानी के 15 साल दिए
शुक्रवार दोपहर आप के तीनों सांसदों ने नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में मीडिया से बात की। राघव चड्ढा ने कहा, आप को मैंने अपनी युवावस्था के 15 साल दिए। अब वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और बुनियादी नैतिकताओं से पूरी तरह भटक गई है। अब यह पार्टी देश या राष्ट्रीय हित के लिए काम नहीं कर रही है, बल्कि निजी स्वार्थ के लिए काम कर रही है।
मैं सही आदमी, गलती पार्टी में
बकौल राघव चड्ढा, आप में से कई लोग पिछले कुछ वर्षों से मुझसे यह कहते आ रहे हैं, और मैंने भी व्यक्तिगत रूप से यह महसूस किया है कि मैं सही आदमी हूं, लेकिन गलत पार्टी में हूं। चड्ढा ने दोहराया कि वह सही आदमी है, लेकिन गलत पार्टी में हैं। इसलिए, घोषणा करता हूं कि मैं आप से खुद को अलग कर रहा हूं और जनता के पास जा रहा हूं।
किस-किस ने छोड़ा आप का साथ
मीडिया के एक सवाल पर राघव चड्ढा ने कहा कि राज्यसभा में आप के 10 सांसद हैं। इनमें से दो-तिहाई से ज्यादा हमारे साथ हैं। उन्होंने हस्ताक्षर कर दिए हैं और सुबह हमने हस्ताक्षरित पत्र और दस्तावेज राज्य सभा के सभापति को सौंप दिए। इनमें से तीन यहां आपके सामने मौजूद हैं। इसके अलावा हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल शामिल हैं।

