कुरुक्षेत्र में पुलिस के जवान ASI की ड्यूटी के दौरान मौत
कुरुक्षेत्र, 27 अप्रैल (रामपाल शर्मा) - हरियाणा के कुरुक्षेत्र ज़िले में पुलिस के जवान असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब वे अपनी टीम के साथ बाबैन ऐरिया में एक केस के सिलसिले में पहुंचे थे। इस दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और साथी पुलिसकर्मी उनको लेकर प्राइवेट अस्पताल लेकर गए।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान कमलजीत (45) के रूप में हुई। ASI कमलजीत यमुनानगर के सरस्वती नगर (मुस्तफाबाद) के गंदापुरा गांव के रहने वाले थे। ज़िला कुरुक्षेत्र में डायल-112 (ERV) पर उनकी ड्यूटी लगी हुई थी। वे साल 2003 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। करीब एक साल पहले ही उनकी पोस्टिंग कुरुक्षेत्र में हुई थी।
केस के सिलसिले में गए थे
कल 26 अप्रैल की शाम उनको किसी केस के सिलसिले में बाबैन ऐरिया में जाना पड़ा। वे अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ केस पर चले गए। इस दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी। तबीयत ज्यादा खराब होने पर साथी पुलिसकर्मी तुरंत उनको पास के प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उनकी जांच करके फर्स्ट ऐड के बाद कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
उनको तुरंत कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल पहुंचाया गया, यहां डॉक्टरों ने उनकी जांच करके मृत घोषित कर दिया। कल शाम ही उनके परिवार को घटना की सूचना दी गई। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्चरी में रखवा दिया। पुलिस आज उनके शव का पोस्टमॉर्टम करवाएगी। रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। परिवार के बयान पर आगे की कार्रवाई होगी।

