हरियाणा: बल्लभगढ़-जेवर एक्सप्रेसवे पर मिट्टी धंसने से पलटी क्रेन, चार मजदूरों की मौत की आशंका

फरीदाबाद, 4 जून - हरियाणा के फरीदाबाद स्थित पनहेड़ा खुर्द गांव के पास जेवर एयरपोर्ट से जुड़े फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण स्थल पर गार्डर उठाने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिसके नीचे कई मजदूरों के दबने की सूचना से हड़कंप मच गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले क्षेत्र में तेज बारिश हुई थी, जिससे निर्माण स्थल पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई थी। बारिश थमने के बाद काम दोबारा शुरू किया गया। इसी दौरान गार्डर उठाने के दौरान भारी क्रेन का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह पलट गई। उस समय मौके पर करीब छह से सात मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से तीन से चार मजदूर क्रेन के नीचे दबने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया गया। निर्माण कंपनी के कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीणों और राहत दलों की मदद से क्रेन के नीचे दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास किया गया। भारी मशीनरी की सहायता से राहत कार्य तेज किया गया और कई घायल मजदूरों को बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

 
#हरियाणा
# बल्लभगढ़-जेवर एक्सप्रेसवे