DMK ने 8 जून को होने वाली बैठक से बनाई दूरी, कांग्रेस पर लगाया धोखा देने का आरोप

चेन्नई, 4 जून - द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने आठ जून को नई दिल्ली में होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में भाग न लेने का फैसला किया है। पार्टी ने कांग्रेस पर तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। बता दें कि विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस, डीएमके का साथ छोड़कर टीवीके के साथ गठबंधन में शामिल हो गई थी, जिसे डीएमके ने धोखा करार दिया था। बता दें कि डीएमके इंडिया गठबंधन की प्रमुख सहयोगियों में से एक थी। 
डीएमके ने अपने एक बयान में कहा है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए विश्वासघात से उनके कैडर को गहरा आघात पहुंचा है। उनकी भावना का सम्मान करते हुए, डीएमके इंडिया गठबंधन की उस बैठक में शामिल नहीं होगी, जिसमें कांग्रेस पार्टी भाग लेगी।
हालांकि डीएमके इस बैठक में उपस्थित नहीं होगी, लेकिन पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह राष्ट्र के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाना जारी रखेगी। गठबंधन में शामिल अन्य दलों द्वारा उठाए जाने वाले राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर डीएमके हमेशा की तरह अपनी राय रखेगी। इस निर्णय से राजनीतिक गलियारों में चर्चा का माहौल गर्म है और यह आगामी राजनीतिक समीकरणों पर भी प्रभाव डाल सकता है।

 
#DMK