तमिलनाडु में सियासी खींचतान जारी, वीसीके ने समर्थन देने के लिए मांगा उप-मुख्यमंत्री का पद
चेन्नई, 8 मई - तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद राजनीतिक अनिश्चितता के बादल छंटते नहीं दिख रहे हैं। विदुथलई चिरुथयगल काची (वीसीके) ने अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की तमिलनाडु वेत्री कषगम (टीवीके) के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के लिए समर्थन का संकेत दिया है। हालांकि, पार्टी ने इस समर्थन के बदले उप-मुख्यमंत्री पद की मांग रखी है।
टीवीके 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन बहुमत के 118 सीटों के आंकड़े को पार करने के लिए संघर्ष कर रही है। समर्थन जुटाने की कोशिश में पार्टी ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) के नेतृत्व वाले गठबंधन के घटकों से संपर्क किया है। कांग्रेस ने पहले ही टीवीके का समर्थन करने का फैसला किया है, भले ही वह सरकार में शामिल न हो। इसी तरह सीपीआई और सीपीआईएम ने भी टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार को बाहर से समर्थन देने की घोषणा की है, लेकिन वे मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे।

