NEET: परीक्षा का समय बढ़ा, रफ वर्क के लिए मिलेंगे चार पेज... NTA ने बताया नीट परीक्षा में हुए क्या बदलाव
नई दिल्ली, 12 जून - राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सार्वजनिक सूचना जारी की है। एजेंसी ने बताया है कि अभ्यर्थियों से वर्षों से मिल रहे फीडबैक के आधार पर परीक्षा प्रक्रिया में कुछ छात्र-अनुकूल बदलाव किए गए हैं।
एनटीए के अनुसार नीट यूजी 2026 परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी और इस बार उम्मीदवारों को प्रश्न हल करने के लिए अधिक समय मिलेगा।
अब तक नीट यूजी परीक्षा के लिए कुल 180 मिनट का समय दिया जाता था, लेकिन इस वर्ष परीक्षा की कुल अवधि बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। इस अतिरिक्त समय में उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर, परीक्षा कक्ष की औपचारिकताएं और अन्य निगरानी संबंधी प्रक्रियाएं भी शामिल हैं।
एनटीए का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं में अभ्यर्थियों का परीक्षा समय प्रभावित न हो और वे पूरे समय का उपयोग प्रश्न हल करने में कर सकें।

