एअर इंडिया ने घरेलू उड़ानों के लिए एक नया 'बेसिक फेयर' विकल्प शुरू किया
नई दिल्ली, 16 जून - देश की प्रमुख विमानन कंपनी एअर इंडिया ने घरेलू उड़ानों के लिए एक नया 'बेसिक फेयर' विकल्प शुरू किया है। इस किराए में यात्रियों को मुफ्त भोजन नहीं मिलेगा। कंपनी ने बढ़ती परिचालन लागत और यात्रियों को अधिक विकल्प देने के उद्देश्य से यह नई श्रेणी पेश की है।
पूरी तरह से वैकल्पिक है किराए की नई श्रेणी
एअर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि यह नया किराया पूरी तरह से वैकल्पिक है। यानी यात्री चाहें तो पहले की तरह वैल्यू, क्लासिक और फ्लेक्स श्रेणियों में टिकट बुक कर सकते हैं, जिनमें मुफ्त भोजन और अन्य सुविधाएं पहले की तरह उपलब्ध रहेंगी। कंपनी के अनुसार, बेसिक फेयर को फिलहाल कुछ चुनिंदा घरेलू मार्गों पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। इस योजना के तहत यात्रियों को कम कीमत पर टिकट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

