फीफा विश्व कप फाइनल के लिए मणिपुर और मेघालय में स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी घोषित
गुवाहाटी, 19 जुलाई- फुटबॉल के प्रति जबरदस्त जुनून रखने वाले मणिपुर और मेघालय ने फीफा विश्व कप फाइनल के मद्देनज़र सोमवार (20 जुलाई 2026) को राज्य के सभी स्कूलों, कॉलेजों और उच्च शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है।
यह फैसला इसलिए लिया गया ताकि छात्र-छात्राएं रविवार आधी रात के बाद होने वाले स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फाइनल मुकाबले का आनंद ले सकें और अगले दिन कक्षाओं की चिंता न करें।
मणिपुर सरकार ने आदेश जारी कर कहा कि राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों, कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में सोमवार को अवकाश रहेगा।
वहीं, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि फुटबॉल राज्य की पहचान और लोगों का जुनून है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विश्व कप फाइनल का पूरा आनंद लेने का अवसर देने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि मेघालय सरकार ने पहले भी फीफा विश्व कप मैचों की लाइव स्क्रीनिंग के लिए शिलांग, जोवाई और तुरा में मुख्यमंत्री फुटबॉल फैन पार्क स्थापित किए थे, जिन्हें लोगों का अच्छा समर्थन मिला था।

