संसद सत्र चलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी - लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
नई दिल्ली, 20 जुलाई -संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संसद का सुचारु संचालन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा कि 18वीं लोकसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में सुबह हुई बारिश ने वातावरण को नई ऊर्जा और ताजगी से भर दिया है। ऐसे शुभ माहौल में देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था संसद सभी माननीय सदस्यों का स्वागत करने के लिए तैयार है।
ओम बिरला ने कहा कि संसद देश की जनता की आकांक्षाओं, उम्मीदों और विश्वास का सर्वोच्च मंच है। हर संसदीय सत्र जनप्रतिनिधियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होता है, जहां सार्थक संवाद, विचार-विमर्श, प्रभावी विधायी कार्य और रचनात्मक भागीदारी के माध्यम से जनहित और राष्ट्रहित में निर्णय लिए जा सकते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सांसद संविधान की भावना, संसदीय परंपराओं और मर्यादाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक सहयोग की भावना से सदन की कार्यवाही में भाग लेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक विधायी और संसदीय कार्यों को पूरा करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है, जिससे जनता का लोकतंत्र पर विश्वास और मजबूत होगा।
लोकसभा अध्यक्ष ने सभी सांसदों से आह्वान किया कि वे मिलकर इस मानसून सत्र को सार्थक बहस, जनकल्याणकारी निर्णयों और संसदीय गरिमा के अनुरूप सफल बनाएं।

