संसद में तर्क और तथ्यों के आधार पर हो चर्चा - प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली, 20 जुलाई- संसद के मानसून सत्र की शुरुआत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की जनता की भावनाओं को यह सत्र नई ऊर्जा दे सकता है। उन्होंने कहा कि सभी सांसद, चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल से हों, अपने व्यापक अनुभव के साथ सदन की कार्यवाही को सार्थक बना सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद में देशहित से जुड़े मुद्दों पर अर्थपूर्ण चर्चा समय की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सदन में होने वाली बहस तर्क और तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए तथा प्रत्येक सदस्य की आवाज़ का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी सांसदों से सदन की चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल ही में राजस्थान में देश की सबसे बड़ी रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित की गई है। इसके अलावा कुछ दिन पहले हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन का शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि दुनिया के केवल कुछ ही देशों में ऐसी ट्रेनें संचालित हो रही हैं और भारत की यह हाइड्रोजन ट्रेन सबसे लंबी और सबसे शक्तिशाली है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देश के इंजीनियरों, उद्यमियों, युवाओं और मेहनतकश श्रमिकों को दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां बनी हुई हैं। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित हुई, लेकिन इन परिस्थितियों के बावजूद भारत ने 7.7 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर हासिल कर दुनिया के सामने अपनी मजबूत अर्थव्यवस्था का परिचय दिया।

