पहाड़ी राज्यों में मानसून का कहर: जम्मू-कश्मीर में 23 की मौत

नई दिल्ली, 20 जुलाई - जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण सोमवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 20 और 21 जुलाई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 20 जुलाई को उत्तराखंड, बिहार तथा असम-मेघालय में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में मानसून सक्रिय बना रहेगा। आईएमडी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर पड़ने और उत्तर भारत में मानसूनी धाराओं के मजबूत होने के कारण मानसून फिर सक्रिय हुआ है।

 
#पहाड़ी
# मानसून
# जम्मू-कश्मीर