कैबिनेट से रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा, छोड़ा रेल राज्यमंत्री का पद
नई दिल्ली, 24 जुलाई - केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे को राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति कार्यालय से मिली जानकारी में बताया गया है कि पीएम की सलाह पर मंत्री परिषद से रवनीत सिंह का इस्तीफा स्वीकार किया गया है। उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार हुआ है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि वह पंजाब के विधानसभा चुनाव में उतर सकते हैं। पार्टी उन्हें इलेक्शन में अहम भूमिका दे सकती है। इसके अलावा वह खुद भी किसी अहम सीट से उतर सकते हैं। लंबे समय से इसकी चर्चा थी कि रवनीत सिंह बिट्टू को केंद्रीय मंत्री की जिम्मेदारी से हटाकर पंजाब भेजने पर विचार चल रहा है।
मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बिट्टू ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे भारत सरकार में राज्य मंत्री के रूप में देश की सेवा करने का अवसर दिया। भारत की जनता, खासकर मेरे प्रिय पंजाब की सेवा करना मेरे लिए सम्मान और गर्व की बात रही है। मैं सेवा, राष्ट्रहित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के प्रति पूरी निष्ठा के साथ आगे भी काम करता रहूंगा। जनसेवा की मेरी यात्रा नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ आगे भी जारी रहेगी।'

