भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर भारत सख्त: जयशंकर ने यूक्रेन के बाद ईरान लगाया फोन
नई दिल्ली, 31 जुलाई - भारत ने पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों तथा नाविकों की सुरक्षा को लेकर अपना रुख और सख्त कर दिया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से टेलीफोन पर बातचीत में कहा कि किसी भी परिस्थिति में व्यापारिक जहाजों और नाविकों पर हमले नहीं होने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत किसी भी पक्ष की ओर से व्यापारिक जहाजों और नाविकों पर किए गए हमलों की कड़ी निंदा करता है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में जारी संघर्ष को लेकर भारत की गहरी चिंता भी जताई।
एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि ईरान के विदेश मंत्री ने उन्हें मौजूदा घटनाक्रम और चल रही चर्चाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा बातचीत और कूटनीति के जरिए समाधान का समर्थक रहा है। जयशंकर ने अराघची से कहा कि मौजूदा हालात में यह बेहद जरूरी है कि व्यापारिक जहाजों और नाविकों को किसी भी तरह के हमले से बचाया जाए। उन्होंने दोहराया कि भारत ऐसे सभी हमलों की बिना किसी शर्त निंदा करता है और क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए संवाद का समर्थन करता है।

