हरियाणा : बारिश से बदला मौसम का मिजाज, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

रादौर, 4 अगस्त (कुलदीप सैनी) - रादौर क्षेत्र में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। झमाझम बारिश से जहां पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है, वहीं धान उत्पादक किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। किसानों का कहना है कि यह बारिश धान की फसल के लिए किसी वरदान से कम नहीं है और इससे उत्पादन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की उम्मीद है। 
स्थानीय किसान सतपाल ने बताया कि लगातार बारिश नहीं होने से बढ़ती गर्मी के कारण धान की फसल में झुलसा रोग और पत्ता लपेट जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया था। अब अच्छी बारिश होने से इन बीमारियों का प्रभाव कम होगा और किसानों को दवाइयों पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी घटेगा। उन्होंने कहा कि यह वर्षा फसलों के लिए प्राकृतिक खाद की तरह काम करेगी, जिससे पौधों की बढ़वार तेज होगी और खेतों में नमी बनी रहेगी। उनका अनुमान है कि यदि मौसम इसी तरह अनुकूल रहा तो धान की फसल की प्रति एकड़ पैदावार में 7 से 8 क्विंटल तक की बढ़ोतरी हो सकती है। किसानों ने उम्मीद जताई कि समय पर हुई यह बारिश उनकी मेहनत को बेहतर परिणाम देगी और इस बार धान की अच्छी पैदावार मिलेगी।

 
#हरियाणा : बारिश से बदला मौसम का मिजाज
# किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान